June 29, 2026

मनरेगा के बढ़ाए गए कार्यों को नहीं मिल रही स्वीकृति


बागेश्वर। ग्राम पंचायतों में मनरेगा की कार्ययोजना बढ़ाने गए कार्यों को स्वीकृति नहीं मिल रही है। इससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस पर ग्राम प्रधान संगठन कपकोट ने कड़ी आपत्ति जताई है। जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर समस्या का समाधान करने की मांग की है। ग्राम प्रधान संगठन कपकोट के अध्यक्ष केदार महर के नेतृत्व में ग्राम प्रधान शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2022-23 के लिए मनरेगा की कार्ययोजना में जिन कार्यों को गांव की खुली बैठकों में ग्राम विकास अधिकारी व मनरेगा सहायकों की उपस्थिति में प्रस्तावित किया गया था तथा उसके बाद विकास खंड से कार्ययोजना ऑनलाइन की गई थी। उन कार्यों में सुरक्षा दीवार भी शामिल किए गए थे, लेकिन अब सुरक्षा दीवार के कार्यों को स्वीकार नहीं किया जा रहा है, जबकि इससे पहले इन कार्यों को स्वीकार किया जा रहा था। विकास खंड कपकोट के लगभग सभी ग्राम पंचायातें में वर्षाकाल में आई आपदा में कई लोगों के खेतों व मकानों को काफी नुकसान हुआ है। इन मकानों को सुरक्षा दीवार देकर की बचाया जा सकता है। उन्होंने जल्द खुली बैठक में प्रस्तावित कार्यों को स्वीकृत करने की मांग की है। इस आशय का एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा है। इस मौके पर महेश दानू, हीरा सिंह रावत, भूपाल आर्या, मनोज भोर्याल, नरेंद्र कोहली, भावना जोशी, शेखर जोशी, जगत टाकुली आदि ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

You may have missed