बागेश्वर पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार: 962 ग्राम चरस के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, स्विफ्ट कार सीज
बागेश्वर। उत्तराखण्ड को नशा मुक्त बनाने की मुहिम के तहत बागेश्वर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 962 ग्राम अवैध चरस के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक स्विफ्ट कार भी सीज कर दी। पुलिस की इस कार्रवाई ने नशा कारोबारियों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है। यह सफलता पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (IPS) के कुशल नेतृत्व और जनपद में चलाए जा रहे सघन अभियान का परिणाम मानी जा रही है।
उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कपकोट मनीष शर्मा के पर्यवेक्षण में जनपदभर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने आरे-द्यांगड़ बाईपास रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार (UK04TB-8754) को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 962 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसके बाद वाहन में सवार तीनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नैनीताल निवासी राजू आर्या (23 वर्ष), वीरेन्द्र कुमार (21 वर्ष) तथा अल्मोड़ा निवासी युगराज कुमार (23 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध कोतवाली बागेश्वर में एफआईआर संख्या 48/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही चरस तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी सीज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक नितिन बहुगुणा, अपर उपनिरीक्षक पान सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेश चन्द्र, हेड कांस्टेबल सुबोध रावल, कांस्टेबल नीरज वाणी एवं कांस्टेबल महेश डंगवाल शामिल रहे। बागेश्वर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
