March 20, 2026

कांग्रेस ने मशाल जुलूस निकाल कर अंकिता के लिए मांगा न्याय


विकासनगर। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से विकासनगर में देर शाम मशाल जुलूस निकालकर अंकिता भंडारी को न्याय दिलाए जाने की मांगी की गई। तिलक भवन से शुरू हुआ मशाल जुलूस पहाड़ी गली पर पहुंचा, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता को श्रद्धांजलि दी। मशाल जुलूस में शामिल पूर्व काबीना मंत्री नवप्रभात ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में शासन और प्रशासन की लापरवाही भी सामने आई है। हत्याकांड में शामिल राजनैतिक परिवार के दबाव में राजस्व पुलिस और रेगुलर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई नहीं की। हत्याकांड का पर्दाफाश होने के बाद सबूतों के साथ छेड़छाड़ और सुबूत मिटाने की कोशिश की गई। कहा कि उस रिजॉर्ट में एक वीआईपी की मौजूदगी की बात सामने आ रही है। लेकिन प्रदेश सरकार और हत्याकांड की जांच कर रही पुलिस अभी भी उस वीआईपी के नाम का खुलासा नहीं कर रही है। इससे जाहिर है कि हत्याकांड में एक ही राजनैतिक परिवार नहीं बल्कि कई सफेदपोश शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हत्यकांड में शामिल सभी दोषियों के नाम सामने आने चाहिए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय किशोर महेंद्रू ने कहा कि भाजपा का नैतिकता का झूठा नकाब उतर चुका है। गरीब परिवार की बेटी रोजगार के लिए घर से बाहर निकलती है और उसकी हत्या कर दी जाती है। हत्या का मुख्य आरोपी भाजपा नेता का बेटा निकलता है। इसके बाद दोषियों को बचाने की साजिश रची जाती है। उन्होंने कहा कि इस बात की भी जांच की जानी चाहिए कि राजस्व पुलिस पर गुमशुदगी दर्ज नहीं करने का दबाव किसने डाला था। उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों को सजा दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ है। मशाल जुलूस में पूर्व पालिकाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, गिरीश सप्पल, संजय जैन, सदाकत जैदी, यश शर्मा, राहुल वर्मा, असद खान, नौशाद अली, फहीम अंसारी आदि शामिल रहे।
लोक पंचायत की महिला इकाई ने कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही हत्यारों को फांसी दिलाए जाने के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया। डा. राजकुमार चौहान ने कहा कि उत्तराखंड में इस तरह के घृणित अपराध रोकने जरूरी हैं। मीरा चौहान ने कहा कि अंकिता हत्याकांड से लोगों में भारी आक्रोश है। देवभूमि में इस तरह के अपराध स्वीकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की। इस दौरान डा. पूजा राठौर, रोशनी, मीनाक्षी, शिल्पा, मनीषा, लक्ष्मी तोमर, नीतू चौहान आदि मौजूद रहे।