कालसी चकराता मार्ग पर कार दुर्घटना, ड्राइवर सहित पांच पर्यटक घायल
विकासनगर । कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर शनिवार तड़के लालपुल के पास पर्यटकों की कार करीब 35 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार दिल्ली और यूपी के पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ और पुलिस ने रेस्क्यू कर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। इनमें से चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार कार में दिल्ली, नोएडा और वाराणसी के पांच पर्यटक सवार थे। सभी चकराता घूमने जा रहे थे। लालपुल के पास अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता की टीम उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। रेस्क्यू टीम करीब 35 मीटर गहरी खाई में उतरी और सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। घायलों में रोहन कुमार (23), निवासी नई दिल्ली और अभिषेक दुबे (26), निवासी रोहिणी, दिल्ली गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, अभिषेक (26), निवासी नोएडा यूपी, शिवानी सिंह (22) और प्रिन्सी राज (22) दोनों निवासी वाराणसी यूपी को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) साहिया ले जाया गया। चिकित्सक डॉ. हुमा परवीन ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। सहिया पुलिस चौकी प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि पर्यटक दिल्ली और उत्तर प्रदेश से चकराता घूमने जा रहे थे। लालपुल के पास चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हादसा हुआ। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
