Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 19, 2026

प्रचंड बहुमत की सरकार कर रही प्रचंड रूप से अराजकता फैलाने का काम: शांति भट्ट


नई टिहरी। अंकिता हत्याकांड, भर्ती घोटाले व यूपी पुलिस की प्रदेश में घुसने की कार्यवाही को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल बना है। प्रचंड बहुमत की सरकार प्रचंड रूप से अराजकता फैलाने का काम कर रही है। प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी कांग्रेसियों ने भाजपा की डब्बल इंजन सरकार को आड़े हाथों लिया। कांग्रेस में कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बोलते हुए कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता शांति भट्ट ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार सबसे ज्यादा कहर युवाओं व महिलाओं पर ढहाने का काम कर रही है। अंकिता हत्याकांड में भाजपा व आरएसएस से जुड़े लोगों की संलिप्ता का परिणाम है कि आज तक वीआईपी गेस्टों के नाम सामने नहीं आये हैं। साक्ष्य मिटाने के लिए किसने जेसीबी चलवाई, इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है। एसटीएफ की कार्यवाही से प्रदेश की जनता खुश नहीं है। विधानसभा भर्तियों में कार्यवाही का जिम्मा निभाने वाली विधानसभा अध्यक्ष ने भी बाहर लोगों को भर्ती करने का काम किया है। भर्ती घोटालों को लेकर सीबीआई जांच नहीं की जा रही है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की प्रवक्ता गरिमा दसौनी के निजता हनन के मामले में कार्यवाही न कर उल्टा भाजपा के इशारे पर गरिमा दसौनी के खिलाफ मामला दर्ज करना भाजपा सरकार के दोहरे चरित्र को दर्शाता है। देवी-देवताओं पर अनर्गल टिप्पणी करने वाले भाजपा नेता वंशीधर भगत के खिलाफ भाजपा व आनुसंगिक संगठनों ने कोई कार्यवाही नहीं की। इस मौके पर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल, ब्लाक अध्यक्ष रजाखेत मान सिंह रौतेला, खुशी लाल, जमीर अहमद आदि मौजूद रहे।

Advertisement