Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 10, 2026

लोकसभा की तैयारी भी साथ कर रही भाजपा


ऐसा लग रहा है कि भारतीय जनता पाटी के सारे नेता गुजरात के चुनाव में बिजी हैं लेकिन असल में ऐसा नहीं है। असल में गुजरात का चुनाव भाजपा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जिम्मे छोड़ा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आठ रैलियां करेंगे। लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कई महासचिव व केंद्रीय मंत्री लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। पार्टी लोकसभा की उन 144 सीटों पर बड़ी मेहनत कर रही है, जहां पिछली बार वह चुनाव लड़ी थी और जीत नहीं पाई थी। ऐसी सीटों पर केंद्रीय मंत्रियों की जिम्मेदारी लगाई गई है। केंद्रीय मंत्रियों ने इन सीटों को लेकर जो पहली रिपोर्ट दी थी उस समय की बैठक में शाह और नड्डा दोनों शामिल हुए थे।
पिछले दिनों केंद्रीय मंत्रियों की दूसरी बैठक हुई। दो दिन चली इस बैठक की अध्यक्षता नड्डा ने की। चुनाव की वजह से अमित शाह इसमें शामिल नहीं हुए। दो दिन में मंत्रियों ने अपने जिम्मे मिली सीट के बारे में जानकारी दी। बताया जा रहा है कि दिसंबर तक यह एक्सरसाइज पूरी कर लेनी है। उसके बाद केंद्रीय मंत्रियों की रिपोर्ट पर कार्रवाई होगी। इन 144 कमजोर सीटों पर चल रही एक्सरसाइज का कोऑर्डिनेशन पार्टी के महासचिव विनोद तावड़े देख रहे हैं, जो बिहार के भी प्रभारी हैं। उनके साथ दूसरे महासचिव सीटी रवि भी तालमेल का काम देख रहे हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी इन सीटों पर सबसे पहले उम्मीदवार तय करेगी।

Advertisement