Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 9, 2026

हिमाचल में कौन होगा कांग्रेस का सीएम, यहां जानें दावेदारों के नाम

शिमला । हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के अब तक के नतीजों व रुझानों से साफ है कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ रही है।  पांच साल बाद सरकार बदलने का रिवाज इस बार भी कायम रहने वाला है। ऐसे में अब सियासी गलियारों में चर्चाएं जोर पकड़ने लगी हैं कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा। हिमाचल में कांग्रेस से मुख्यमंत्री पद के तीन से चार दावेदार बताए जा रहे हैं। इनमें सबसे ऊपर प्रदेश कांग्रेस प्रचार समिति के प्रमुख व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू और छह बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी सांसद प्रतिभा सिंह का नाम चल रहा है। माना जा रहा है कि अगर इन दोनों के नाम पर सहमति नहीं बनती तो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर, कांगड़ा से पूर्व सांसद चंद्र कुमार व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की दावेदारी पर भी विचार किया जा सकता है। सीएम पद को लेकर अंतिम फैसला हाईकमान व विधायक दल लेगा।
वर्तमान में कांग्रेस के प्रदेश चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 2003 में  पहला चुनाव लड़ा और विजयी हुए। 2007 में फिर जीते। 2012 का चुनाव हारे। 2017 के विस चुनाव में फिर सता में वापसी की। 2022 के विस चुनावों में चौथी बार जीतकर विधानसभा पहुंचे। सुखविंद्र सिंह सुक्खू 2013 में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बने थे। उनकी संगठन में अच्छी पकड़ मानी जाती है। प्रतिभा सिंह 1998 में सक्रिय राजनीति में आई थीं। पहला चुनाव मंडी संसदीय क्षेत्र से लड़ा था, जब भाजपा के महेश्वर सिंह ने उन्हें करीब सवा लाख मतों से पराजित किया था। 1999 में लोकसभा का दोबारा चुनाव हुआ था। प्रतिभा सिंह ने यह चुनाव नहीं लड़ा था। 2004 के आम लोकसभा चुनाव में उन्होंने दूसरी बार अपनी किस्मत आजमाई थी। समधी महेश्वर सिंह से 1998 की हार का बदला लेकर वह पहली बार लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुईं। थीं। 2009 का लोकसभा चुनाव उनके पति पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने लड़ा था।  2012 में प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद वीरभद्र सिंह ने लोकसभा से त्यागपत्र दे दिया था। 2013 में उपचुनाव हुआ तो प्रतिभा तीसरी बार मैदान में उतरीं।
वर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को करीब 1.39 लाख मतों से शिकस्त देकर दूसरी बार संसद सदस्य निर्वाचित हुई थीं। इसके साल भर बाद 2014 में लोकसभा चुनाव हुआ था। मोदी लहर में भाजपा के रामस्वरूप शर्मा ने उन्हें 39 हजार से अधिक मतों से पराजित किया था। प्रदेश में उस समय कांग्रेस सरकार थी। प्रतिभा सिंह की हार से सब दंग रह गए थे। 2021 में करीब सात साल बाद प्रतिभा सिंह दोबारा चुनावी अखाड़े में उतरीं और जीत दर्ज की। 26 अप्रैल 2022 को हाईकमान ने प्रतिभा सिंह हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का 32वां अध्यक्ष बनाया। मंडी उपचुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार को चारों खाने चित करने वाली पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी सांसद प्रतिभा सिंह के सहारे पार्टी हाईकमान ने सत्ता में वापसी की योजना बनाई।  उनके नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ा गया। ऐसे में प्रतिभा की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर जनवरी 2019 में कुलदीप राठौर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बने थे। बीते साल हुए पालमपुर और सोलन नगर निगम सहित मंडी संसदीय सीट के अलावा फतेहपुर, अर्की और जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने राठौर की अगुवाई में ही जीत दर्ज की थी। कांग्रेस हाईकमान ने इन जीत का पुरस्कार देते हुए राठौर को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया है। इस विधानसभा चुनाव में उन्हें ठियोग सीट से उतारा गया। कांगड़ा जिले की जवाली सीट से कांग्रेस प्रत्याशी चंद्र कुमार पूर्व सांसद व पूर्व मंत्री रहे है। वह वीरभद्र सिंह के करीबी रहे हैं। वीरभद्र सरकार में वन मंत्री भी रहे। मुकेश अग्निहोत्री नेता प्रतिपक्ष रहे हैं। उन्होंने ऊना जिले के हरोली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा है।

You may have missed

Advertisement