दो मार्गों को मिली वित्तीय व प्रशासकीय स्वीकृति
बागेश्वर। कपकोट विधानसभा में राज्य योजना के तहत दो लिंक मार्गों को वित्तीय व शासकीय स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए 20 हजार रुपये की टोकन मनी भी जारी हो गई है। जल्द सड़क निर्माण के लिए निविदा कराई जाएगी। अपर सचिव विनीत कुमार के हस्ताक्षर से जारी पत्र के अनुसार विधानसभा कपकोट के ग्राम पंचायत बघर में पीएमजीएसवाई सरण बघर मोटर मार्ग के थापले तोक से बिठरी चिराड़ी तोक तक ढाई किमी मोटर मार्ग व पुल निर्माण के प्रथम चरण कार्य की स्वीकृति मिली है। इसके अलावा कमेड़ीदेवी-झाकरा मोटर मार्ग के किमी तीन से हरज्यू मंदिर तक तीन किमी सड़क को स्वीकृति मिली है। प्रथम चरण क काम के लिए क्रमण 8.97 व 4.50 लाख मिले हैं। दोनों मार्गों के लिए टोकन मनी के रूप में 10-10 हजार दिए हैं। क्षेत्रीय विधायक सुरेश गड़िया ने बताया कि मार्ग निर्माण के लिए जल्द निविदा कराई जाएगी। जल्द लोगों को सड़क का लाभ मिलेगा।
