अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग के बीच AISA का सातवां राज्य सम्मेलन संपन्न
– प्रियंका खत्री प्रदेश अध्यक्ष और शिवांक नौटियाल प्रदेश सचिव निर्वाचित, 15 सदस्यीय राज्य परिषद का गठन
देहरादून । अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग और छात्र-युवा आंदोलनों को तेज करने के संकल्प के साथ ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) उत्तराखंड का सातवां राज्य सम्मेलन बुधवार को देहरादून के उत्तरांचल प्रेस क्लब में संपन्न हुआ। सम्मेलन में संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड नेहा बोरा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। सम्मेलन में अंकिता भंडारी के माता-पिता की मौजूदगी ने न्याय की मांग को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान नई प्रदेश कार्यकारिणी का चुनाव करते हुए प्रियंका खत्री को प्रदेश अध्यक्ष और शिवांक नौटियाल को प्रदेश सचिव चुना गया।सम्मेलन को संबोधित करते हुए AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड नेहा बोरा ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई महज एक परिवार की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह न्याय, जवाबदेही और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि AISA इस संघर्ष में मजबूती से साथ खड़ा है और छात्र-युवा इस आंदोलन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार की बुलडोजर नीति, सांप्रदायिक राजनीति और हिंदू-मुस्लिम दंगों की राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवाल लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। ऐसे में छात्र-युवाओं को संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के खिलाफ संगठन की ओर से चलाए जा रहे आंदोलनों का उल्लेख करते हुए शिक्षा के निजीकरण के विरोध में संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
अंकिता के माता-पिता ने की आंदोलन व्यापक बनाने की अपील
सम्मेलन में अंकिता भंडारी की माता सोनी देवी और पिता वीरेंद्र भंडारी भी शामिल हुए। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए अपनी बेटी को न्याय दिलाने की मांग दोहराई। साथ ही युवाओं और छात्र संगठनों से इस लड़ाई में आगे आने की अपील की। उन्होंने उत्तराखंड में भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने तथा अंकिता को न्याय दिलाने के आंदोलन को व्यापक बनाने का आह्वान किया।
संगठन के विस्तार और आगामी आंदोलनों पर चर्चा
सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में उत्तराखंड के छात्र-युवा आंदोलन की वर्तमान स्थिति, शिक्षा व्यवस्था, संगठन के विस्तार और आगामी आंदोलनों की रणनीति पर चर्चा की गई। विभिन्न इकाइयों के कामकाज की समीक्षा भी की गई। संगठनात्मक चुनाव में 15 सदस्यीय राज्य परिषद और पांच सदस्यीय राज्य कार्यकारिणी का गठन किया गया।
नई प्रदेश कार्यकारिणी
* प्रियंका खत्री – प्रदेश अध्यक्ष
* शिवांक नौटियाल – प्रदेश सचिव
* धीरज कुमार – प्रदेश उपाध्यक्ष
* सचिन रावत – सहसचिव
* सुमित – सहसचिव
सम्मेलन का समापन अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के संघर्ष को और मजबूत करने, शिक्षा के निजीकरण तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के खिलाफ आंदोलन तेज करने और छात्र-युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ। संगठन ने आने वाले समय में इन मुद्दों पर राज्यव्यापी आंदोलन को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
