April 25, 2024

पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत के गोडसे को देशभक्त कहने पर भड़के कांग्रेसी


विकासनगर। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा नाथूराम गोडसे को देश भक्त बताने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उबाल है। शुक्रवार को शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने पहाड़ी गली चौक पर प्रदर्शन कर पूर्व सीएम को पार्टी से निष्कासित करने की मांग भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से की। कांग्रेस शहर अध्यक्ष कितेश जायसवाल ने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन के नायक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे को देशभक्त कहना शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है। इससे भाजपा की देशभक्ति की पोल भी खुलती है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से ही देश विरोधियों और असामाजिक तत्वों को देशभक्त मानती है। ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर ने कहा कि महात्मा गांधी सिर्फ भारत के राष्ट्रपिता ही नहीं हैं, बल्कि पूरे विश्व में शांति के मसीहा के तौर पर उनका सम्मान किया जाता है। पूरा विश्व आज भी गांधी दर्शन का अनुसरण करता है। कहा कि सिर्फ राष्ट्रपिता के चश्मे को स्वच्छ भारत अभियान के पोस्टर में लगाने से उन्हें सम्मान नहीं दिया जा सकता है, बल्कि उनके नजरिए से दुनिया को देखने का सलीका भी भाजपाइयों की सीखना होगा। पूर्व पालिकाध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने कहा कि महात्मा गांधी पूरे विश्व के लिए एक विचारधारा हैं, जिन्हें गुलामी के दौर में अंग्रेजों ने भी सम्मान दिया। देश को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राष्ट्रपिता के हत्यारे को वो लोग देशभक्त कह रहे हैं, जिनका आजादी के आंदोलन से कोई सरोकार नहीं रहा है। पूर्व शहर अध्यक्ष शम्मी प्रकाश ने कहा कि गांधी के हत्यारे को देशभक्त कहना भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि खुद को राष्ट्रवादी पार्टी कहने वाले दल का केंद्रीय नेतृत्व त्रिवेंद्र सिंह रावत को पार्टी से बर्खास्त क्यों नहीं कर रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिलक भवन और पहाड़ी गली चौक पर पूर्व सीएम के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन करने वालों में हरबर्टपुर शहर अध्यक्ष आशीष सिंह पुंडीर, बीना चौहान, पिंकी रावत, पीसीसी सदस्य संजय जैन, पूर्व जिला महासचिव राजीव शर्मा, बलजीत सिंह, जितेंद्र पुंडीर, एंथनी, संदीप भटनागर, भुवन पंत, धीरेंद्र ताड़ियाल, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, मंजीत चावला, अभिषेक चौहान आदि शामिल रहे।