गरुड़ के चार छात्राओं का स्कॉलरशिप के लिए चयन
बागेश्वर गरुड़ । खोलिया विवेकानंद इंटर कॉलेज गरुड़ के चार छात्राओं का स्कॉलरशिप ऑफ हायर एजुकेशन (एसएचई ) के लिए चयन हुआ है। बच्चों की इस उपलब्धि पर शिक्षकों व अभिभावकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है। इंटरमीडिएट की छात्रा हेमा जोशी, लक्की पांडे, योगिता तुलेरा व वैशाली भट्ट का चयन एसएचई के लिए हुआ है। प्रधानाचार्य कैलाश चंद्र जोशी ने इन छात्राओं को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा प्राप्त चयन का प्रमाण पत्र देते हुए कहा कि एसएचई उच्च शिक्षा में भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा विज्ञान की पढ़ाई के लिए दी जाने वाली छात्रवृत्ति है। इसमें प्रतिवर्ष अस्सी हजार की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। यह छात्रवृत्ति पोस्ट ग्रेजुएशन तक मिलती रहती है। बच्चों की इस उपलब्धि पर विद्या भारती के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नंदन सिंह अल्मिया, प्रबंधक विपिन चंद्र तिवारी, अध्यक्ष हरी दत्त जोशी, जीत सिंह नेगी, डॉ. डीएस रावत, कैलाश जोशी, जीवन चंद्र दुबे आदि ने खुशी जाहिर कर उन्हें बधाई दी है।
