Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 21, 2026

गरुड़ के ग्रामीणों ने किया सड़क के लिए जिला मुख्यालय में प्रदर्शन


बागेश्वर गरुड़ । द्यौरड़ा-रतौड़ा-कपिलेश्वर मोटर मार्ग नहीं बनने पर क्षेत्र के लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने 35 किमी दूर जिला मुख्यालय पहुंचकर सड़क के लिए प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में ग्रामीणों ने विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण दस साल से सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है। रतौड़ा की ग्राम प्रधान हेमा पंत के नेतृत्व में क्षेत्र के 15 लोग सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के लोग दस साल से सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी मांगों की अनसुना किया जा रहा है। लोनिवि के ईई को कई बार इस संबंध में जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण में किसानों की जो भी नाप भूमि आ रही है उसमें ग्रामीणों को कोई आपत्ति नहीं है। इसके बाद भी विभाग हीलाहवाली कर रहा है। सड़क के अभाव में लोगों को मीलों पैदल चलना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी तब होती है जब गांव में कोई बीमार हो जाता है। इसके अलावा गांव में मांगलिक कार्य होने पर परेशानी होती है। बाहर से आने वाले लोग गांव आने से कतरा रहे हैं। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की है। इस मौके पर जगदीश पंत, गणेश दत्त लोहनी, खीमानंद जोशी, लीलाधर पांडे, जीवन चंद्र पंत व प्रयाग दत्त पंत आदि मौजूद रहे।

Advertisement