Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 18, 2026

चंदोला राई गांव में पिंजरें में फंसा गुलदार


पौड़ी। पौड़ी के चंदोला राई गांव में लगे पिंजरे में बीती रात गुलदार कैद हो गया है। गुलदार ने चंदोला राई में बीती चार जुलाई को एक बच्ची पर हमला कर घायल कर दिया था जबकि 6 जून को गडोली में भी एक बालिका पर हमला कर घायल किया था। गुलदार के एक के बाद एक हमलों के कारण इस क्षेत्र में दहशत बनी हुई थी। गुलदार के हमलों के बाद वन विभाग ने यहां गश्त करने के साथ ही पिंजरे भी लगा दिए थे, लेकिन गुलदार इनमें नहीं फंसा। बीती रात चंदोला राई में लगे पिंजरे में गुलदार कैद हो गया। इसकी सूचना महकमे को सुबह तड़के मिली। पौड़ी के गडोली से लेकर चंदोला राई और सर्किट हाउस आदि स्थानों पर गुलदार बीते कई दिनों से सक्रिय है। गुलदार के पिंजरे में कैद होने के बाद गडोली और चंदोला राई के स्थानीय लोगों ने भी राहत ली है। यहां लोग शाम होते ही घरों में दुबक जा रहे थे। गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ केएन भारती ने बताया कि पकड़ा गया गुलदार करीब ढाई साल का है। गुलदार को रेस्क्यू कर मेडिकल करवा लिया गया है। गुलदार के पकड़े जाने के बाद अब इस क्षेत्र से पिंजरे भी हटा दिए जाएंगे। विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए यहां अलग-अलग जगहों पर दो पिंजरे लगाए थे। इस बीच सीएफ गढ़वाल सर्किल और विभाग के अफसरों ने चंदोला राई से लेकर बुआखाल और सर्किट हाउस आदि स्थानों पर रात्रि गश्त कर भी जायजा लिया था।

Advertisement