March 11, 2026

विधानसभा उपचुनाव बागेश्वर : पहले दिन दो नामांकन पत्र खरीदे

बागेश्वर। बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव की तैयारी के मद्देनजर शुक्रवार को पहली रेंडमाइजेशन प्रक्रिया हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराधा पाल की अध्यक्षता में मतदान कार्मिकों का रेंडमाइजेशन एनआईसी कक्ष में किया गया। वहीं पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों की तैनाती हो चुकी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उप निर्वाचन में 260 पीठासीन अधिकारी, 260 मतदान अधिकारी प्रथम, 260 द्वितीय व 260 तृतीय मतदान कार्मिकों समेत कुल 1040 कार्मिकों की तैनाती की गई है। जिनको 18 अगस्त को प्रथम व 24 अगस्त को दूसरा प्रशिक्षण विशेषज्ञों द्वारा दिया जाएगा। उप निर्वाचन के लिए 188 बूथ बनाए गए हैं, जिसमें एक सखी व एक पर्दानशी बूथ बनाया गया जाएगा। सखी बूथ में सभी महिला मतदान कार्मिक तैनात होंगी, जबकि पर्दानशी बूथ पर एक महिला कार्मिक तैनात होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे मतदान में लगे अपने-अपने कार्मिकों को ड्यूटी आदेश वितरित करना सुनिश्चित करेंगे। रेंडमाइजेशन में मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र सिंह इमलाल, नोडल कार्मिक संगीता आर्या, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अमित कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी आरसी आर्या उपस्थित थे।
पहले दिन दो नामांकन पत्र खरीदे
बागेश्वर। बागेश्वर विधानसभा चुनाव को लेकर दूसरे दिन नो नामांकन पत्र बिके। रिटर्निंग ऑफिसर हरगिरि ने बताया कि शुक्रवार को दो नाम निर्देशन पत्रों की ब्रिकी हुई, जिसमें देवकी देवी व हरिराम शास्त्री ने नामांकन पत्र खरीदा।
चुनाव आयोग के नियमों का पालन करें प्रिंटर स्वामी
बागेश्वर। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराधा पाल ने प्रिंटर, प्रेस स्वामियों को चुनाव आयोग का पाठ पढ़ाया। उन्हें निर्देश दिए कि राजनैतिक दलों, चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों द्वारा निर्वाचन संबंधी कोई भी पैंफलेट, पोस्टर, बैनर, हैंडबिल आदि जो भी प्रेस में छपाई जाती है, उन्हें निर्धारित प्रपत्रों में वांछित सूचना के साथ और छपने वाली समस्त सामग्री की एक-एक प्रति तत्काल निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रेस स्वामी मुद्रित, प्रकाशित की जाने वाली सामग्री में मुद्रित करने वाले प्रेस का नाम एवं मुद्रित किए जाने वाले सामग्री की संख्या प्रिंट लाइन अनिवार्य रूप से अंकित करना होगा।