March 11, 2026

गरुड़ बैजनाथ से डॉ. परगाई को जिला अस्पताल अटैच करने पर ग्राम प्रधान संगठन नाराज


बागेश्वर गरुड़ । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ में तैनात ऑर्थोपैडिक सर्जन आशीष परगाई को जिला अस्पताल में संबद्ध कर दिया गया है। इससे प्रधान संगठन नाराज हो गया है। प्रधान संगठन ने ऑर्थोपैडिक सर्जन को तीन दिन बैजनाथ अस्पताल में तैनात करने की मांग की है। इधर, जिला मुख्यालय में डॉक्टर के आने से मरीजों को राहत की उम्मीद है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजे ज्ञापन में प्रधान संगठन के प्रदेश महामंत्री व भकुनखोला के ग्राम प्रधान हिमांशु खाती ने कहा है कि जिला अस्पताल के ऑर्थोपैडिक सर्जन के छुट्टी पर चले जाने से बैजनाथ अस्पताल में तैनात आर्थोपैडिक सर्जन डॉ. आशीष परगाई को पूरे सप्ताह के लिए जिला अस्पताल में तैनात कर दिया गया है। इससे बैजनाथ में मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सीएचसी बैजनाथ में एक सर्जन पहले से ही अवकाश पर हैं। उन्होंने कहा कि यहां कत्यूर घाटी के अलावा गढ़वाल के ग्वालदम, थराली, देवाल, तलवाड़ी आदि क्षेत्रों से भी प्रतिदिन काफी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। यहां ऑर्थोपैडिक सर्जन न होने से दर्जनों मरीजों को प्रतिदिन वापस लौटना पड़ रहा है। उन्होंने ऑर्थोपैडिक सर्जन को जनहित में सोमवार, मंगलवार व बुधवार को बैजनाथ अस्पताल में और गुरुवार, शुक्रवार व शनिवार को जिला अस्पताल में तैनात किया जाए। इससे दोनों अस्पतालों में काम सुचारु रूप से चलता रहेगा। इधर, जिला अस्पताल में तीन दिन बाद हड्डी रोग विशेषज्ञ के आने से लोगों को राहत मिली है। शुक्रवार को मरीजों ने डॉक्टर की सलाह ली और इलाज कराया।