Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 19, 2026

बागेश्वर सहित उत्तराखंड में 36.25 करोड़ के गबन में महिला गिरफ्तार


देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने निवेश के नाम पर 36.25 करोड़ की ठगी के मामले में चिटफंड कंपनी की महिला डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। महिला दो साल से फरार चल रही थी। इसमें तीन आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुके हैं। इन पर सात जिलों में 15 मुकदमे दर्ज थे। चार जिलों की पुलिस ने महिला पर 61 हजार 500 रुपये का इनाम घोषित किया था। एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने मंगलवार को हुई प्रेसवार्त में इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मोनिका कपूर पत्नी संदीप कपूर निवासी पंजाबी बाग, प्रगति अपार्टमेंट दिल्ली एक जनशक्ति मल्टी स्टेट मल्टी परपज को-ऑपरेटिव सोसायटी लि. कंपनी की निदेशक थी। महिला ने कुछ साथियों के साथ 2015 से उत्तराखंड में अपनी शाखाएं खोली। देहरादून, चमोली, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी और बागेश्वर जिले में महिलाओं और बेरोजगारों को अपने साथ जोड़ा और उन्हें कई आकर्षक स्कीम बताकर निवेश के लिए प्रेरित किया। लोगों के बचत खाते, आरडी, एफडी, दैनिक बचत खाते कंपनी में खुलवाए गए। लोग कई सालों तक कंपनी के खाते में रकम जमा करते गए। लोगों को विश्वास में लेने के लिए कंपनी ने पासबुक में ब्याज की रकम की समय-समय पर इंट्री करने के साथ ही उसमें इजाफा भी करते रहे। सरकारी और प्राइवेट बैंकों से ज्यादा ब्याज दरों के लालच में सैकड़ों लोग कंपनी से जुड़ गए। जब लोगों के करोड़ों रुपये कंपनी में जमा हो गए, तो उसे बंद कर आरोपी फरार हो गए। एसएसपी ने बताया कि इस मामले में कंपनी के पदाधिकारी कपिल देव राठी, पंकज गंभीर और अनिल रावत को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। मोनिका तब से फरार चल रही थी। उसे काफी खोजबीन के बाद दिल्ली से पकड़ा है।

Advertisement