श्रमिकों ने सहायक श्रम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा
रुद्रपुर। बजाज मोटर्स कर्मकार यूनियन के पदाधिकारियों ने श्रमिकों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। बुधवार को बजाज मोटर्स कर्मकार यूनियन के महामंत्री हीरा सिंह राठौर ने कहा कि श्रमिक यूनियन ने गठन के बाद वैधानिक तरीके से प्रबंधन को आवश्यक वेतन बढ़ोतरी सहित कंपनी के नियमानुसार, श्रमिकों को दी जाने वाली सुविधाओं का मांग पत्र छह अप्रैल 2023 को दिया था। इसके बाद किसी भी मांग पर प्रबंधन ने गौर नहीं किया। इसे कंपनी में श्रमिकों का शोषण बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि महंगाई के दौर में भी श्रमिकों का वेतन न बढ़ने से आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है। लंबे समय से अपनी जायज वैध मांगों पर कार्यवाही नहीं करने से श्रमिकों में रोष है। बताया कि श्रमिकों को काम करते हुए 16 वर्ष हो चुके हैं। श्रमिकों का वेतन नहीं बढ़ाया गया है। वहीं एक्टू प्रदेश महामंत्री केके बोरा ने कहा कि शासन-प्रशासन को श्रमिकों के हित में श्रम कानूनों का पालन कराने की जिम्मेदारी है। ऐसा नहीं होने से श्रमिकों का शोषण बढ़ता जा रहा है। सहायक श्रम आयुक्त ने श्रमिकों के मांग पत्र को संज्ञान में लेते हुए 16 सितंबर को कंपनी प्रबंधन सूचित करते हुए त्रिपक्षीय बैठक बुलाने का आश्वासन दिया है। इस दौरान यूनियन उपाध्यक्ष जगमोहन डसीला, संयुक्त मंत्री नागेन्द्र यादव, कोषाध्यक्ष हेम दुर्गापाल, संदीप हुड्डा, महिपाल सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
