Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 20, 2026

पानी निकासी में बाधक अतिक्रमण जल्द हटेगा


बागेश्वर ।मंडलसेरा क्षेत्र के लिए मामूली बारिश में परेशानी का सबब बने कुंती गधेरे के पानी से होने वाली परेशानी से मंडलसेरा क्षेत्र के निवासियों को शीघ्र निजात मिलेगी। विधायक पार्वती दास, पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल तथा जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने मंगलवार को कुंती गधेरे व मंडलसेरा का निरीक्षण किया। कई लोगों ने लोनिवि की भूमि पर अतिक्रमण किया है। जिस पर डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि गधेरे के पानी की निकासी के लिए अतिक्रमण को चिह्नात करके अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों से एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण चिह्नित करने को कहा है। मंगलवार को जिलाधिकारी अनुराधा पाल, विधायक दास व नपा अध्यक्ष खेतवाल ने मंडलसेरा क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान नागरिकों ने कहा कि बरसात के दौरान कुंती गधेरा यहां नुकसान करता है तथा लोगों के घरों में पानी घुस जाता है। जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिकों की समस्या को देखते हुए ही यह निरीक्षण किया गया है तथा जनता के सहयोग से इसका हल निकाला जा सकता है। उन्होंने कहा कि धन व मशीनरी की कमी नहीं है, बल्कि इस समस्या से निजात दिलाने के लिए यहां के नागरिकों को प्रशासन का सहयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि लोनिवि, राजस्व व नगर पालिका के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाई जाएगी, जो कि बुधवार से ही पानी के निकासी के लिए संभावित स्थानों का निरीक्षण करेगी। यहां पर लोनिवि की भूमि पर जो अतिक्रमण हुआ है उसे हटाएगी। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के चलते ही पानी की निकासी बंद होने से लोगों के घरों में गधेरे का पानी घुसता है। सड़क व रास्तों पर भी पानी जमा होता है। इसके लिए जनता को सहयोग करना होगा। जिलाधिकारी ने बताया कि बुधवार को ही टीम द्वारा अतिक्रमण चिह्नत करके लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की जाएगी। इसके बाद भी अतिक्रमण न हटाने पर प्रशासन बल पूर्वक अतिक्रमण हटाएगा। नागरिकों की मांग पर जिलाधिकारी ने विवेकानंद इंटर कालेज के पास से पूर्व से प्रस्तावित मोटर मार्ग का निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के आदेश लोनिवि को दिए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मोनिका आर्या, ईई लोनिवि धन सिंह कुटियाल, सिंचाई केके जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. गीतांजलि बंगारी, तहसीलदार दीपिका आर्या, तितिक्षा जोशी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हयात सिंह परिहार आदि मौजूद रहे।

Advertisement