May 17, 2024

बागेश्वर में कांग्रेस ने फूंका दुष्कर्म के आरोपी हिंजाम नेता का पुतला


बागेश्वर ।  नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी के विरुद्ध कांग्रेसी सड़क पर उतर आए हैं। उन्होंने एसबीआई तिराहे पर आरोपी का पुतला फूंका। उसे हिंदू जागरण मंच युवा वाहिनी का जिलाध्यक्ष बताया। कहा कि ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रंवाई होनी चाहिए। गुरुवार को कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला के नेतृत्व में कार्यकर्ता एसबीआई तिराहे पर एकत्र हुए। यहां नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। कहा कि भाजपा संगठन के हिंजाम युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष नवीन रौतेला ट्यूशन के नाम पर छात्रा का पिछले आठ वर्ष से शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न कर रहा था। जिसके विरुद्ध कोतवाली में पॉक्सो और दुष्कर्म में मामला भी दर्ज हो गया है। उन्होंने कहा कि अपराधी बेलगाम हो गए हैं। उन्हें कानून का भय समाप्त हो गया है। संगठन के लोग अपराध को अंजाम दे रहे हैं। पीड़िता छात्रा आठवीं में पढ़ रही है। पूछताछ में बमुश्किल उसने आपबीती बताई। वह डरी और सहमी हुई है। उन्होंने पीड़िता के परिवार को सुरक्षा देने की मांग की। इस दौरान पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, हरीश ऐठानी, गोपाल राम, विनोद पाठक, सुनील भंडारी, राजेंद्र टंगड़िया, कवि जोशी, ललित गोस्वामी, मनमोहन जौहरी, फिरोज खान, चंदन कोरंगा, हीरा मेहता, मोनिस खान, छात्रसंघ अध्यक्ष राहुल कुमार आदि उपस्थित थे। इधर, हिंजाम के प्रदेश उपाध्यक्ष हरीश सोनी ने कहा कि आरोपी पूर्व में जिलाध्यक्ष रहा है। वर्तमान में उसका संगठन से कोई लेना-देना नहीं है। ऐसे कृत करने वालों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।