Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, नौ जिलों में बारिश-बिजली के आसार


देहरादून । उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने के संकेत दे रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के नौ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है। वहीं, ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। 3,800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का मिजाज बदल सकता है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने की भी संभावना है। हालांकि, इस पूर्वानुमान के मद्देनजर विभाग की ओर से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
राजधानी देहरादून में आसमान साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। शाम के समय कुछ इलाकों में गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है
चमोली जिले में स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब में इससे पहले रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी हो चुकी है। बर्फबारी से गुरुद्वारा परिसर, लक्ष्मण मंदिर और आसपास की ऊंची चोटियां सफेद चादर से ढक गई थीं। इसके बाद पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड का असर भी बढ़ा। अब ऊंचाई वाले इलाकों में दोबारा बर्फबारी की संभावना से पहाड़ों में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं।

Advertisement