June 18, 2026

घर में घुसरकर प्रापर्टी डीलर पर चलाई गोलियां, हालत गंभीर, कानून व्यवस्था पर गम्भीर सवाल

रुद्रपुर ( आखरीआंख समाचार )  शहर की पॉश कही जाने वाली कालोनी में गोलीकांड की वारदात से मोहल्लेवासियों में दहशत छा गयी। अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद बदमाश फरार हो गये। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार 35वर्षीय रोहित उर्फ सर्वजीत सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह रॉयल रेजीडेंस कालोनी में रहता है और प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। गतरात्रि उसकी पत्नी का फोन आया कि छत पर कुछ लोग घूम रहे हैं जिस पर वह तत्काल घर में पहुंचा और दो सुरक्षाकर्मियों के साथ छत पर जाने लगा। घर के बगल में खाली प्लाट से एक सीढ़ी उसकी दीवार पर पायी गयी जिस पर उसने सीढ़ी हटा दी तो देखा कि वहां पांच लोग घूम रहे हैं। रोहित को देख तीन लोग वहां से फरार हो गये जबकि दो बदमाशों ने अपने आपको घिरता पाकर 8-10 राउण्ड फायरिंग कर दी। जिसमें तीन गोलियां रोहित को जा लगीं जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर शराबा होने पर बदमाश फरार हो गये। यह सारी घटना वहां लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुुची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने रोहित के साले मनिंदर सिंह की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मोहल्लेवासियों का कहना है कि दो दिन पूर्व पुलिस ने रोहित के घर में रेड मारी थी। पुलिस को अंदेशा था कि उसके घर में  नकली करेंसी मिल सकती है। फिलहाल पुलिस ने वहां से कोई चीज बरामद नहीं की। घटना के बाद मोहल्लेवासियों में दहशत का माहौल है और लोग तरह तरह के कयास लगा रहे हैं।

You may have missed