March 25, 2026

सरकार ने 37 कंपिनयों को दीं चार लाख करोड़ की परियोजनाएं : चयनिका


काशीपुर । कांग्रेस की उत्तराखंड मीडिया प्रभारी डॉ. चयनिका ने कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार चुनावी बांड के मुद्दे से आम जनता का ध्यान भटका रही है। आरोप लगाया कि सरकार ने चुनावी बांड के बदले 37 व्यापारिक समूहों को चार लाख करोड़ की परियोजनाएं दी हैं। डॉ. चयनिका रविवार को कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष सरदार इंदर सिंह के आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रही थीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 से 2024 के बीच भाजपा को 16,518 करोड़ में से 8,252 करोड़ रुपये के इलेक्टोरल बांड मिले हैं। जबकि कांग्रेस को केवल 1,950 करोड़ रुपये के बांड मिले हैं, इसे भी फ्रीज कर दिया गया है। आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी बांड हासिल करने के लिए ईडी, सीबीआई, आयकर जैसी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। एजेंसियों ने 94 कंपनियों को निशाना बनाया। इसमें से 30 कंपनियों ने भाजपा को चुनावी बांड दिए। आरोप लगाया कि 37 व्यापारिक समूहों को सरकार ने 4 लाख करोड़ की 243 परियोजनाएं सौंपी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी बांड के मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए सरकार ने पहले सीएए का शिगूफा छोड़ा और फिर हरियाणा सरकार गिराने का ड्रामा किया। कहा कि भाजपा सरकार सभी दलों के नेताओ को ब्लैकमेल कर विपक्ष को खत्म करना चाहती है, जो लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है।