April 20, 2026

पहलगांव इलाके में गुलदार की दहशत

अल्मोड़ा ( आखरीआंख समाचार )  नगर से लगे खत्याड़ी और पहलगांव इलाके में पिछले कुछ दिनों से गुलदार की दहशत बनी हुई है। गुलदार ग्रामीणों को दिन दहाड़े आबादी वाले इलाकों में दिख रहा है। जिस कारण लोग शाम होते ही घरों में दुबक जा रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों द्वारा वन विभाग के अधिकारियों को दिए ज्ञापन में कहा है कि गुलदार पिछले लंबे समय से यहां के लोगों के लिए दहशत का पर्याय बना हुआ है। अब तक गुलदार कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुका है। जबकि गुलदार अब ग्रामीणों को गांवों के आसपास दिखने लगा है। ग्रामीणों ने कहा है कि वनों में वन्य जीवों के लिए भोजन की लगातार कमी हो रही है लेकिन वन महकमा कोई ठोस कार्रवाई करने के बजाय महज औपचारिकताएं पूरी कर रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उन्हें गुलदार के आतंक से निजात नहीं दिलाई गई तो वह आंदोलन शुरू कर देंगे। वन विभाग के अधिकारियों को दिए ज्ञापन में प्रदीप सलाल, दान सिंह, जानकी, अनीता कनवाल, प्रताप सिंह, खीमानंद भट्ट, पान सिंह, नाथू सिंह समेत अनेक ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किए हैं।