Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 7, 2026

सरस् मेला 14 से 26 जनवरी तक , 7 राज्य होंगे शामिल

हल्द्वानी ( आखरीआंख समाचार )  एमबी इंटर कॉलेज ग्राउंड में 14 से 26 जनवरी तक आयोजित किए जाने वाले सरस मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सात राज्यों के स्वयं सहायता समूह मेले में स्टॉल लगाएंगे। हथकरघा, ऊनी वस्त्रों, घरेलू उत्पादों, जड़ी-बूटी उत्पादों के साथ ही मेले में टेक्सटाइल, ग्रामीण फर्नीचर का प्रदर्शन और ब्रिकी की जाएगी। मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए जाएंगे। मेले को भव्यता के साथ आयोजित करने के लिए ग्राम्य विकास विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी विनीत कुमार ने गौलापार स्थित प्रसार प्रशिक्षण केंद्र में आयोजन को लेकर गठित समितियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने बताया कि मेले में लोगों को देश की सांस्कृतिक विरासत का दर्शन कराने के लिए मंच पर लोक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसमें क्षेत्रीय प्रतिभाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बात पर विशेष ध्यान रखा जाएगा कि मेले में पॉलीथीन का प्रयोग न हो। अभी तक सात राज्यों ने मेले में समूह भेजने के लिए सहमति दी है और अन्य राज्यों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। साथ ही जनता के मनोरंजन के लिए झूलों की भी व्यवस्था की जा रही हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही गायन व नृत्य, फैंसी ड्रेस, मेहंदी प्रतियोगिता, योगा, कला प्रतियोगिता, कव्वाली एवं भजन आदि कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।बैठक में परियोजना निदेशक बालकृष्ण, अपर परियोजना निदेशक संगीता आर्या, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय, जिला अर्थ एवं सांख्याधिकारी ललित मोहन जोशी, डीएसओ तेजबल सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, बीडीओ राजेंद्र राम आर्य, एचएस महरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

You may have missed

Advertisement