Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 29, 2026

योगा एक्सप्रेस के पहियों में आग लगने से हड़कंप


रुड़की । धर्मनगरी आ रही योग एक्सप्रेस के पहियों में अचानक निकली चिंगारी से आग लग गई। इससे जनरल कोच में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। लोको पायलट ने तुरंत आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक लिया। सूचना मिलने पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे कर्मियों और जीआरपी ने फायर पाउडर से आग बुझा दी। तब जाकर रेलवे कर्मियों, जीआरपी और यात्रियों ने राहत की सांस ली। रविवार को अहमदाबाद से योगा एक्सप्रेस हरिद्वार आ रही थी। सुबह करीब 10:10 पर सूचना मिली कि इकबालपुर के पास योगा एक्सप्रेस के पहियों से निकली चिंगारी से आग लग गई है। जनरल कोच के नीचे आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्रियों के शोर मचाने की आवाज अन्य कोच के यात्रियों तक भी पहुंच गई। इस बीच लोको पायलट ने तुरंत आपातकालीन ब्रेक का इस्तेमाल कर ट्रेन को रोक लिया। सूचना मिलने पर रुड़की रेलवे स्टेशन की जीआरपी से चौकी इंचार्ज प्रीति कर्णवाल, हेड कांस्टेबल ओमपाल सैनी, आशीष कुमार सैनी और जाहुल हसन मिर्जा मौके पर पहुंचे। जांच करने पर पता चला कि टेक्निकल फॉल्ट के कारण पहियों के जाम होने से चिंगारी निकली और जिस वजह से जनरल कोच के नीचे आग लगी थी। हालांकि यह आग जनरल कोच तक नहीं पहुंच पाई। लेकिन इस बीच यात्रियों में हड़कंप मच गया था और शोर शराबा होने पर काफी भीड़भाड़ इकट्ठा हो गई थी। इस बीच यात्रियों को ट्रेन से बाहर निकालकर आग को बुझाया गया। रुड़की रेलवे स्टेशन की जीआरपी चौकी प्रभारी प्रीति कर्णवाल ने बताया कि अहमदाबाद से हरिद्वार आ रही योगा एक्सप्रेस में सुबह 10:10 बजे के आसपास ट्रेन के पहियों में अचानक ब्रेक लगने पर चिंगारी से जनरल कोच के नीचे आग लग गई थी। सूचना मिलने पर जीआरपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेलवे कर्मचारियों के साथ मिलकर आग को बुझा दिया।

Advertisement