May 13, 2024

मंगलसूत्र पर नजर सोना महंगा करने वालों की:  गणेश गोदियाल


देहरादून । कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि मंगलसूत्र पर असल नजर भाजपा की है, जिसकी सरकार में सोना इतना महंगा हुआ है। बुधवार को कांग्रेस भवन में पत्रकार वार्ता में गढ़वाल लोकसभा के प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने कहा कि पहले चरण के मतदान के फीडबैक के बाद भाजपा नेता ध्रुवीकरण के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। भाजपा शासन में सोना इतना महंगा हो गया है कि आदमी पत्नी के मंगलसूत्र में सोना तक नहीं लगा पा रहा है। गढ़वाल लोकसभा में जीत का दावा करते हुए गोदियाल ने कहा कि उन्हें जनता का भरपूर सहयोग मिला, यहां तक की भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी निष्क्रिय रहकर एक तरह से उनकी मदद ही की है, इसके लिए वो भाजपा कैडर का भी आभार व्यक्त करते हैं।
संकट के समय में पार्टी छोड़ने वालों ने दिखाया चरित्र:
ठीक चुनाव के समय पार्टी छोड़ने वाले कांग्रेस नेताओं के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए गोदियाल ने कहा कि ऐसे नेताओं को भविष्य में पार्टी में लेना एक नीतिगत मामला है। लेकिन उनकी निजी राय है कि इन लोगों ने संकट के समय पार्टी छोड़कर अपना चरित्र दिखाया है, इसलिए अब इन्हें पार्टी में नहीं लिया जाना चाहिए। गोदियाल ने कहा कि उन्होंने यही बात मतदान बाद गोपेश्वर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में भी कही है। इसके बाद वो बदरीनाथ उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर विशेष ध्यान देने जा रहे हैं। पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत द्वारा प्रचार नहीं किए जाने पर उन्होंने कहा है कि हो सकता है कि उनकी कुछ मजबूरी रही हों, लेकिन हरक सिंह दिल से उनके साथ थे।