सीमांकन को लेकर बोरबलड़ा के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बागेश्वर । कपकोट तहसील के बोरबलड़ा, बदियाकोट व कालों गांव का सीमांकन नहीं होने पर बोरबलड़ा के ग्रामीण ने कड़ी आपत्ति जताई है। सीमांकन की मांग को लेकर उन्होंने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्राम प्रधान मोनिका देवी के नेतृत्व में ग्रामीण शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत बोरबलड़ा, बदियाकोट तथा कालों का आज तक सीमांकन नहीं हो पाया है। इस कारण उन्हें अपने हक हकूकों से वंचित रहना पड़ रहा है। इस मांग को लेकर वह पहले भी जिलाधिकारी से मिले। उन्होंने एसडीएम को सीमांकन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे, लेकिन आदेश के बावजूद आज तक सीमांकन की कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर सरपंत ममता देवी, रूप सिंह, जमन सिंह, करम सिंह, वीरेंद्र सिंह, नैन राम, अर्जुन सिंह, जगत सिंह, गोविंद सिंह, कनक सिंह व जगत सिंह आदि मौजूद रहे।
