March 7, 2026

गरुड़ में बंदर भगाओ संचालन समिति ने सीएम को याद दिलाया उनका वादा


बागेश्वर गरुड़ । बंदर भगाओ खेती बचाओ जन अभियान संचालन समिति ने क्षेत्र में बंदरों के बढ़ रहे आतंक पर चिंता जताई है। साथ ही सीएम पुष्कर सिंह धामी को उनका वादा याद दिलाया है। अप्रैल में गरुड़ में आयोजित जन सभा में उन्होंने बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की बात की थी, लेकिन सरकार इस समस्या को हल्के में ले रही है। इससे किसान परेशान हैं। मालूम हो कि समिति द्वारा बंदरों के आतंक से पीड़ित जनता को राहत दिलाने हेतु जनवरी से जन अभियान चलाया था। इस बीच लोक सभा निर्वाचन की आचार संहिता और प्रदेश सरकार के आश्वासनों के बीच अभियान को स्थगित रखा गया है।समिति ने आक्रोश व्यक्त किया है कि प्रदेश सरकार इस बड़ी जन समस्या को बहुत हल्के में ले रही है। वास्तविकता यह है कि बंदरों के कारण जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कटखने बंदरों द्वारा लोगों पर आए दिन के हमलों की खबरें आम हो गई हैं। सरकार द्वारा घोषित बंदर के काटने का मुआवजा भी पीड़ितों को नहीं मिल पा रहा है। किसानों की रबी फसल का रकवा बंदरों के नुकसान कारण तेजी से गिरा है। जितना भी उत्पादन किसान ले सके उसे सुखाने तपाने में बंदरों के साथ खासी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। समिति ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को स्मरण कराया है कि गत माह गरुड़ के रामलीला मैदान की चुनावी सभा में उन्होंने कहा था कि जनता को बंदरों के आतंक पर चिंता की जरूरत नहीं है, परंतु एक माह बीत जाने बाद भी इस मामले में कुछ होता नजर नहीं आ रहा है और जनता की परेशानियां बढ़ती ही जा रही हैं।