September 21, 2024

वक्त से पहले पकने लगे काफल

बागेश्वर ( आखरीआंख समाचार )  उत्तराखंड राज्य का फल काफल वक्त से पहले पकने लगा है, तो राज्य पुष्प बुरांश तीन माह पूर्व ही फूलने लगे हैं। जबकि ये दोनों फल गर्मियों में राज्य की शान बढ़ाने वाले हैं। कुमाऊं के ऊपरी हिस्सों में ये दोनों बदलाव देखकर वन विभाग भी चिंतित है और इसका अध्ययन शुरू कर दिया है।
वन अनुसंधान वृत्त हल्द्वानी के वन संरक्षक ने बताया कि जनवरी के पहले ही सप्ताह में पिथौरागढ़ के अस्कोट में कुछ पेड़ों में काफल पके हुए मिले हैं। जबकि आमतौर पर ये फल जनवरी के आखिरी या फरवरी के पहले सप्ताह में पकना शुरू होता है। जबकि अस्कोट में पूरी तरह से पके हुए मिले, जो कि चिंताजनक है। इसी तरह नैनीताल के कुछ ऊपरी हिस्सों में बुरांश फूलने लगा है। जो कि मार्च के आखिरी में फूलता है। ये दोनों बदलाव जलवायु परिवर्तन के रूप में देखे जा रहे हैं। वन विभाग के अनुसंधान वृत्त ने इसका अध्ययन शुरू कर दिया है। इसके अलावा अन्य प्रजातियों की भी सूची तैयार की जा रही है जो कि अपना समय बदल रहे हैं। इसमें कीड़ा जड़ी भी एक प्रमुख पादप है। ये जलवायु परिवर्तन का ही असर हो सकता है। लेकिन कुछ समय तक अध्ययन के बाद ही इस बात की पुष्टि हो पाएगी। इसके अलावा कई और प्रजातियों को भी सूचीबद्ध किया जा रहा है जो अपना समय बदल रहे हैं।