Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 20, 2026

कॉलेज परिसर में बाइक दौड़ा रहे तीन छात्रों को हॉस्टल से निकाला


हल्द्वानी । राजकीय मेडिकल कॉलेज के तीन एमबीबीएस छात्रों को परिसर में बिना हेलमेट बाइक दौड़ाने पर हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है। अनुशासनहीनता के मामले में टीबी एंड चेस्ट विभागाध्यक्ष व मुख्य अधीक्षक छात्रावास डॉ. आरजी नौटियाल ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। मेडिकल कॉलेज में 2021 बैच के तीनों छात्र हॉस्टल परिसर में एक ही बाइक पर बैठे हुए सीसीटीवी में कैद हुए थे। मामला संज्ञान में आने के बाद पूरी पड़ताल के बाद तीनों छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दरअसल, कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं के लिए वाहन लेकर आना प्रतिबंधित है। एडमिशन के समय इनसे यह शपथ पत्र भी लिया जाता है कि कॉलेज परिसर में बाइक-स्कूटी या चौपहिया वाहन का प्रयोग नहीं करेंगे। बावजूद छात्र नियमों की अनदेखी कर बाइक दौड़ा रहे थे। मुख्य अधीक्षक छात्रावास डॉ. आरजी नौटियाल ने बताया कि एमबीबीएस के तीनों छात्रों को तुरंत हॉस्टल खाली करने को कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर आगे की कार्रवाई कॉलेज प्रबंधन करेगा।
5 अगस्त को भी किया गया एक छात्र निष्कासित

एमबीबीएस का एक छात्र कार और स्कूटी दोनों को समय-समय पर कॉलेज परिसर में दौड़ाता पाया गया था। यही नहीं वह हॉस्टल के सिक्योरिटी गार्ड से जबरन अपनी स्कूटी छुड़ाकर ले गया। इस मामले में 5 अगस्त को भी एक छात्र को हॉस्टल से निष्कासित किया गया था।

Advertisement