खतौनी में विरासत चढ़ाने के आवेदन की रसीद दें लेखपाल
देहरादून । लेखपालों द्वारा खतौनी में विरासत चढ़ाने के आवेदन की प्राप्ति रसीद देने के लिए शासन द्वारा निर्देशित किया गया है। संयुक्त सचिव भूपेंद्र सिंह बोरा ने आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद् को चिट्ठी लिखकर परिषद् संबंधित जिलों के डीएम से समस्या निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद आशिक ने इस संबंध में शासन में शिकायत की थी। उन्होंने कहा था कि प्रदेश में लेखपालों द्वारा आवेदकों को खतौनी में विरासत चढ़ने के आवेदन की कोई भी प्राप्ति रसीद नहीं दी जाती। जो न्याय एवं तर्कसंगत नहीं है। सेवा का अधिकार आयोग द्वारा खतौनी में विरासत चढ़ने का समय सात दिन निर्धारित किया गया है, लेकिन इसमें महीनों का समय लगा दिया जाता है। बिना किसी प्राप्ति रसीद के आवेदक सेवा का अधिकार आयोग में भी अपील नहीं कर सकते हैं। इससे व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके विधिक वारिसों को उनका हक मिलने में देरी हो रही है।
