Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 19, 2026

गरुड तहसील दिवस में आई शिकायतों/ समस्याओं का जल्द निस्तारण करे अधिकारी: डीएम

बागेश्वर गरुड । जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में मंगलवार को गरुड़ में तहसील दिवस आयोजित हुआ। विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों ने अलग-अलग विभागों से संबंधित 30 शिकायतें/समस्याएं दर्ज करायी। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी जनता की इन शिकायतों का निस्तारण त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से एक सप्ताह में करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में यदि कोई समस्या है तो उसका कारण स्पष्ट करते हुए शिकायतकर्ता को अवगत कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील दिवस में आयी समस्या दोबारा नहीं आनी चाहिए,यदि एक ही शिकायत दुबारा आती है या फिर निस्तारण में लापरवाही बरती गयी तो संबंधित के विरूद्ध दंडात्मक कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।

 तहसील दिवस में विमौला निवासी मुन्नी देवी ने आवासीय भवन के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को हटाने का अनुरोध किया गया। खीम सिंह निवासी ज्वाणास्टेट ने क्षेत्र में पेयजल की समस्या बताते हुए आवश्यकतानुसार शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। ग्राम प्रधान धौनाई ने गुरगुटिया नदी के कटाव से कृषि भूमि, पैदल मार्ग व आवासीय भवन के साथ ही मंदिर का खतरा बताते हुए इसके सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग की। ग्राम प्रधान नौगांव ने मोटर मार्ग निर्माण से क्षतिग्रस्त नहर व सिंचाई हेड का मरम्मत कार्य कराने की मांग रखी। सिलडी निवासी आनंद सिंह व वज्यूला निवासी त्रिलोक सिंह ने पेयजल कनेक्शन दिलाने की मांग की। ग्राम प्रधान दर्शनी ने गांव के लिए स्वीकृत मोटर मार्ग का निर्माण कराने व गांव की पेयजल योजना पुनर्गठन कार्य पूर्ण कराने को कहा। व्यापार मंडल गरूड ने क्षेत्र में बढते बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कराने की मांग की व जंगली जानवरों से निजात दिलाने का अनुरोध किया गया। कमला देवी निवासी भकुनखोला ने अपने नाबालिक पुत्र को बंदरों द्वारा घायल किए जाने की बात करते हुए मुआवजा व ईलाज कराने की मांग की। ग्राम प्रधान भकुनखोला ने जल संस्थान द्वारा संचालित पेयजल योजना के बिल माफ कराने की मांग की। नवीन चन्द्र ने लोनिवि के सडक मार्गो का मरम्मत कार्य कराने व नालियां व कलमठ खुलवाने का अनुरोध किया। संजय कुमार निवासी गढसेर ने पैत्रिक संपत्ति पर हिस्सा दिलाने का अनुरोध किया। सुनील पांडे ने अतिवृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने संबंधी प्रार्थना पत्र दिया।इंटर कालेज गागरीगोल में 4 साल से पेयजल आपूर्ति नही होने के बाद भी 1.21 लाख का बिल दिया जा रहा है। जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल पेयजल आपूर्ति बहाल करते हुए देयक सुधार करने के निर्देश ईई को दिए

जिलाधिकारी ने बंदरों के आतंक से घायल युवक का तत्काल मेडिकल कराने के निर्देश सीएमओ को दिए। साथ ही प्रभागीय वनाधिकारी को नियमानुसार मुआवजा देने की कार्रवाई करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील दिवस में सबसे ज्यादा शिकायतें पेयजल को लेकर रही है। अधिशासी अभियंता जल संस्थान और पेयजल निगम को सख्त हिदायत देते हुए निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल संयोजन और गांव में बाधित पानी की आपूर्ति अगले दो दिन के भीतर सुचारू करना सुनिश्चित करें। पानी के संयोजन और पानी की आपूर्ति बहाली की सूचना सम्बंधित शिकायतकर्ता को देने के साथ ही रिपोर्ट जिला कार्यालय को भी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने  विमौला गांव निवासी मुन्नी देवी आवासीय भवन के लिए खतरा बनी बिजली की लाइन को तत्काल शिफ्ट करने के निर्देश ईई विद्युत को दिए। 

तहसील दिवस में दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट,ब्लाक प्रमुख हेमा बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी,मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ कुमार आदिय तिवारी,एसडीएम जितेंद्र वर्मा,जिला सेवा योजन अधिकारी प्रवीण चंद्र गोस्वामी जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार बर्मन,कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती,ईई जल संस्थान सीएस देवडी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement