Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 3, 2026

उत्तराखंड में नकली नोटों का कारोबार : 2.98 लाख नकली करंसी के साथ जीजा-साला समेत छह गिरफ्तार


हल्द्वानी ।  उत्तराखंड में नकली नोट सप्लाई करने के खेल का पर्दाफाश करने में नैनीताल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने राज्य में नकली नोट खपाने वाले सीबी गंज बरेली के सनईया रानी निवासी आसिफ अंसारी उर्फ आशिक रजा, सय्यद मौज्जम अली, लालकुआं के हाथीखाना स्थित संजयनगर निवासी अली मोहम्मद, विकासपुरी खैरानी निवासी विनोद कुमार, उसके चचेरे भाई संतोष कुमार और उसके जीजा पश्चिमी घोड़ानाला बिंदुखत्ता निवासी विजय टम्टा को गिरफ्तार किया है। सभी के पास से पुलिस को अलग-अलग कुल 2.98 लाख रुपये कीमत की नकली करेंसी बरामद हुई है। सोमवार शाम आरोपियों को कोर्ट के आदेश से जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी पीएन मीणा ने सोमवार को बहुद्देशीय भवन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मामले में क्रिप्टो करेंसी, साइबर फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग की बात भी सामने आई है। इस पहलू की भी जांच की जा रही है। वहीं नकली नोट की प्रति भारत सरकार को भेज दी गई है। मामले के खुलासे में एसएसपी के साथ एसपी क्राइम हरबंस सिंह, सीओ हल्द्वानी/लालकुआं नितिन लोहनी और सीओ साइबर सुमित पांडे भी मौजूद रहे।
एसएसपी मीणा ने बताया कि नौ अक्तूबर को लालकुआं के सर्राफ शिवम वर्मा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को नकली करेंसी सप्लाई को लेकर अहम सुराग हाथ लगे थे। सर्राफ से पूछताछ के बाद 13 अक्तूबर को पुरानी नगीना कॉलोनी प्राथमिक विद्यालय के खंडहर से आसिफ अंसारी उर्फ आशिक रजा, सय्यद मौज्जम अली और अली मोहम्मद को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनसे 2,67,000 की नकली करेंसी बरामद हुई। 14 अक्तूबर को 5500 रुपये के साथ विनोद कुमार की गिरफ्तारी हुई। पकड़े जाने से पहले विनोद ने नकली नोट अपने जीजा विजय टम्टा को भी दिए। कुछ नोट जलाने और बाकी को छिपा देने के लिए कहा। इसके बाद पुलिस छठे आरोपी संतोष कुमार तक पहुंची और उसे गिरफ्तार किया। उसकी

निशादेही पर जंगल से जले नोटों के अवशेष, राख और 500 रुपये के 51 नकली नोट भी बरामद किए। एसएसपी ने बताया कि आरोपी पश्चिम बंगाल के जिला मालदा से नकली करेंसी लाकर इन्हें उत्तराखंड और यूपी समेत अन्य राज्यों में खपाया जाता था। एसएसपी ने बताया कि नौ अक्तूबर को पकड़ा सर्राफ शिवम वर्मा, आरोपी आसिफ अंसारी और सय्यद मौज्जम अली इस गिरोह के मुख्य सदस्य हैं। मामले में पुलिस अब

तक सर्राफ समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर 3,07,000 रुपये की नकली करेंसी जब्त कर चुकी है।
टीम में ये रहे शामिल:   लालकुआं कोतवाल डीआर वर्मा, एसएसआई हरेन्द्र सिंह नेगी, एसएसआई दीपक सिंह बिष्ट, बिंदुखत्ता चौकी प्रभारी सोमेन्द्र सिंह, हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी गौरव जोशी, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह रौतेला, पूरन सिंह रायपा, कांस्टेबल गुरमेज सिंह, चन्द्र शेखर, कमल बिष्ट, जितेन्द्र सिंह बिष्ट, संजय कुमार, अनिल  शर्मा थे। एसएसपी ने पूरी टीम को 2500 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है।

Advertisement