June 18, 2026

हरिद्वार से ऋषिकेश जा रही ट्रेन में हथियारबंद बदमाशों ने यात्रियों को लूटा


हरिद्वार ।  हरिद्वार-ऋषिकेश पैसेंजर ट्रेन में शुक्रवार सुबह यात्रियों से लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया। करीब पांच हथियारबंद बदमाशों ने दो युवकों से लूटपाट करते हुए उनके मोबाइल फोन और नगदी छीन ली। इसके बाद आरोपी ट्रेन के रुकने पर फरार हो गए। वारदात के बाद राजकीय रेलवे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। घटना हरिद्वार रेलवे स्टेशन और मोतीचूर रेलवे स्टेशन के बीच घटित हुई। शुक्रवार की सुबह हरिद्वार से ऋषिकेश जा रही पैसेंजर ट्रेन में महावीर नगर फिरोजाबाद यूपी निवासी प्रभव शुक्ला और आयुष प्रताप सिंह जनरल कोच में सवार थे। जैसे ही ट्रेन हरिद्वार रेलवे स्टेशन से चली तो करीब चार-पांच युवकों ने दोनों दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसके बाद धारदार हथियार, असलहे और रॉड के दम पर उनसे मोबाइल फोन और नगदी लूट ली गई। इन दो दोस्तों के अलावा भी जनरल कोच में बैठे तीन-चार यात्रियों से लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया। ट्रेन जैसे ही मोतीचूर रेलवे स्टेशन पर रुकी तो आरोपी ट्रेन से कूद कर जंगल की तरफ फरार हो गए। युवकों ने ऋषिकेश पहुंचने पर स्थानीय राजकीय रेलवे पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। ट्रेन में लूटपाट की वारदात की जानकारी लगने पर जीआरपी के होश उड़ गए।
राजकीय रेलवे पुलिस के एसओ अनुज सिंह समेत आला अफसरों ने मौके पर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। एसओ ने बताया कि प्रभव शुक्ला की तरफ से आरोपियों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।

You may have missed