March 5, 2026

न्यू ऑरलियन्स की वह काली रात , मां मैं जिंदा हूं…जो कुछ हुआ उसे शब्दों में बयां करना मुमकिन नहीं


वाशिंगटन । बॉर्बन स्ट्रीट, जो हमेशा शोरगुल और खुशियों से गूंजती रहती है, उस रात मूक हो गई थी। सडक़ पर बिखरे जूते, खून के धब्बे, और पुलिस टेप के पार छाई सन्नाटा, मानो हर चीख को चुप कराने की कोशिश कर रहा था। यह नए साल का दिन था—एक दिन जो उम्मीद और उत्सव का प्रतीक माना जाता है, लेकिन इस बार यह आतंक और दर्द का पर्याय बन गया।
28 वर्षीय जे मैकगफी, मिसिसिपी से अपने दोस्तों के साथ आई थीं। वह अभी भी उस पल को याद करती हैं, जब क्लब से बाहर निकलते ही उनकी नजऱ जमीन पर पड़े शवों पर पड़ी। मुझे अपनी माँ को फोन करना था। मैंने कहा, माँ, मैं जि़ंदा हूँ। लेकिन मेरे आसपास जो हुआ, वह शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
28 वर्षीय केसी किर्श, अपने परिवार के साथ पिट्सबर्ग से आए थे। वे अपने ससुर जेरेमी को लेकर बहुत उत्साहित थे, जो व्हीलचेयर पर होने के बावजूद जीवन से भरपूर थे। लेकिन उस रात, हर उम्मीद टूट गई।
किर्श ने बताया, जब गोलियों की आवाज़ सुनी, हमने ससुर को खोजने की कोशिश की। अफरा-तफरी में वे पीछे छूट गए। उनके फोन बंद थे, और हमारा डर बढ़ता जा रहा था। सुबह होते-होते किर्श को खबर मिली कि जेरेमी गंभीर रूप से घायल हैं और सर्जरी की तैयारी हो रही है। उनकी आंखें छलक आईं, हम यहाँ जश्न मनाने आए थे, और अब हमें ये दिन देखना पड़ रहा है।
जेसिका ट्रेसी, जो बॉर्बन स्ट्रीट से कुछ दूरी पर सडक़ के किनारे सो रही थीं, हमले के वक्त चीखों और गोलियों की आवाज़ से जागी।मैंने सिर्फ भागने की सोची, उसने कांपती आवाज़ में कहा। वह आदमी किसी को नहीं बख्श रहा था। हर तरफ हाहाकार था।
27 वर्षीय माइकल क्रोगर और उनके दोस्त कुछ घंटों पहले तक जश्न में डूबे थे। सडक़ पर बच्चे थे, लोग एक-दूसरे को

नए साल की शुभकामनाएं दे रहे थे। फिर सब कुछ बदल गया। उन्होंने रुआंसे होकर बताया, हमने गोलियां सुनीं। हर कोई भाग रहा था। और फिर मैंने लोगों को सडक़ पर गिरते देखा।
पुलिस आयुक्त ऐनी किर्कपैट्रिक ने हमले को जानबूझकर किया गया नरसंहार बताया। 34 वर्षीय हमलावर, शम्सुद-दीन जब्बार, बुलेटप्रूफ जैकेट और हेलमेट पहनकर आया था। उसकी योजना जितना संभव हो उतने लोगों को कुचलने और गोली मारने की थी।
58 वर्षीय कैरन अर्नोल्ड, जो चौराहे से थोड़ी दूरी पर रुकी थीं, ने हमले के बाद

सायरन की आवाज़ में रात बिताई। मैं सिर्फ इतना सोच रही हूँ कि यह सब कैसे हुआ। क्या हमने अपने समाज को इतना असुरक्षित बना दिया है? उन्होंने कहा, क्या ये नई शुरुआत है, या नई तबाही?
हमले के बाद, एक नियंत्रित विस्फोट की आवाज़ ने सुबह की खामोशी को तोड़ा। लेकिन लोगों के दिलों में सन्नाटा अब भी गूंज रहा था। बॉर्बन स्ट्रीट का जश्न मना रहे वे लोग, जो कभी एक दूसरे से अनजान थे, अब एक ही दर्द में बंध गए थे।
यह कहानी सिर्फ एक हादसे की नहीं है, यह सवाल है हमारी सुरक्षा, हमारी संवेदनशीलता, और उस इंसानियत का, जो कभी-कभी ऐसी क्रूर घटनाओं के नीचे दब जाती है।