गरुड़ पहुंची राष्ट्रीय खेलों की मशाल तेजस्विनी
बागेश्वर । राज्य में होने वाले 38 वें राष्ट्रीय खेलों की मशाल सोमवार को गरुड़ पहुंची।
उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा की अगुवाई में पीएमश्री राजकीय आदर्श इंटर कालेज गरुड़ में स्कूली बच्चों व स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से तेजस्विनी मशाल का स्वागत किया।
बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर अधिकारियों, शिक्षकों व एनसीसी कैडेटों ने खेलों के शुभंकर मौली के साथ रस्साकशी व अन्य खेल खेले। खेल व शिक्षा विभाग के संयुक्त कार्यक्रम में स्वीप के ब्लाक समन्वयक उमेश जोशी ने मतदाता जागरुकता की शपथ दिलाई। इसके बाद उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा ने राष्ट्रीय खिलाड़ी कृतिका बोरा व हरीश बोरा को तेजस्विनी मशाल सौंपी। उन्होंने मशाल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय खेलों का आयोजन उत्तराखंड में होना हम सबके लिए गर्व की बात है। रैली में खोलिया विवेकानंद इंटर कालेज के बच्चों ने घोष की शानदार व ओजस्वी धुन बजाकर सबको खेलों के प्रति आकर्षित किया। रैली गरुड़ से टीटबाजार तक गई।
रैली के दौरान बाजार में मौली ने दुकानदारों, बच्चों व ग्राहकों के साथ सेल्फी ली। लोगों से हाथ मिलाया और खेलों को बढ़ावा देने की अपील की। बाजार में मौली लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। बीईओ कमलेश्वरी मेहता, जिला क्रीड़ा अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, प्रधानाचार्य जीसीएस नेगी, समेत विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, एनसीसी कैडेट आदि मौजूद थे।
