Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 11, 2026

हो गया दिल्ली चुनाव का शंखनाद : 5 फरवरी को मतदान, 8 को रिजल्ट


नई दिल्ली । दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान चुनाव आयोग ने कर दिया है। यहां एक ही चरण में मतदान होंगे। मतदान की तारीख 5 फरवरी होगा, जबकि  मतगणना 8 फरवरी होगी। चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में भागीदारी बढ़ाएं। नये साल में पहली बारी दिल्ली की है। हमें उम्मीद है कि दिल्ली दिल से वोट करेगी।
राजीव कुमार ने तारीखों का ऐलान करते हुए कहा कि दिल्ली में 13 हजार से ज्यादा पोलिंग बूथ होंगे। 85 साल से अधिक उम्र के लोग घर से वोट डाल सकेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव शिष्टाचार का ध्यान रखें। महिलाओं के खिलाफ गलत भाषा का उपयोग न करें। चुनाव प्रचार में भाषा का ख्याल रखें।
दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटें हैं जिसमें से 58 सामान्य श्रेणी की जबकि 12 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली में कुल 1.55 करोड़ रजिस्टर्ड वोटर हैं। इनमें 83.49 लाख पुरुष तथा 71.74 लाख महिलाएं हैं। युवा मतदाताओं (20 से 21 वर्ष के) की संख्या 28.89 लाख है जबकि पहली बार मतदान के पात्र युवाओं की संख्या 2.08 लाख है। 2697 स्थानों पर कुल 13,033 मतदान केंद्र होंगे और इनमें से 210 मॉडल मतदान केंद्र होंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा मतदान करें। लोकसभा चुनाव में नया रिकॉर्ड बना। वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की शिकायत मिली। राजीव कुमार ने कहा, ”कुछ चिंताएं (राजनीतिक दलों द्वारा) उठाई गई थीं। कहा गया कि मतदाता सूची में गलत तरीके से नाम जोड़े और हटाए गए हैं। यह भी कहा गया कि कुछ ग्रुप को निशाना बनाया जा रहा है। उनके नाम हटा दिए गए हैं। मतदाता सूची में गलत तरीके से नाम जोड़ने या हटाने के बारे में अफवाहें फैलाई जा रही हैं।”

दिल्ली चुनाव के बारे में कुछ खास
अरविंद केजरीवाल ने कैंपेन सॉन्ग जारी किया
आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का कैंपेन सॉन्ग जारी किया। 3:29 मिनट का यह सॉन्ग ‘फिर लाएंगे केजरीवाल’ आप के कार्यकाल के दौरान उसकी उपलब्धियों को दर्शाता है। इसका उद्देश्य सरकार में निरंतरता पर जोर देते हुए मतदाताओं के साथ तालमेल बिठाना है।

दिल्ली में अब तक कितने बार चुनाव हुए?
दिल्ली में 1993 से लेकर अब तक 7 विधानसभा चुनाव हुए हैं। यह आठवीं बार चुनाव करवाए जाएंगे। संभावना है कि फरवरी में मतदान हो सकता है।

पहली बार दिल्ली में कब हुए चुनाव ?
दिल्ली में पहला चुनाव 27 मार्च 1952 को हुआ था। इस चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली। कुल 48 सीटों पर चुनाव हुए थे।

साल 2013 के चुनाव में किसकी सरकार बनी?
साल 2013 के चुनाव में किसी एक दल को बहुमत नहीं मिला था। बीजेपी 31 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी। पहली बार चुनाव में उतरी आम आदमी पार्टी ने 28 सीटें जीतकर कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाई। यह सरकार 49 दिन में गिर गई।

2015 के विधानसभा चुनाव में आप को कितनी सीट मिली?
2015 के विधानसभा चुनाव में दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) को बहुत बड़ी जीत मिली। 70 सीटों में से पार्टी को 67 सीटों पर जीत मिली। इस चुनाव में बीजेपी को केवल तीन सीटों पर जीत मिली। वहीं कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया था।

2020 के विधानसभा चुनाव में आप को कितनी सीट मिली?
2020 के विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। 70 में से 62 सीटें पार्टी ने जीती थी।

Advertisement