May 3, 2026

डेविड वॉर्नर को न खरीदकर पछता रही होगी आईपीएल टीमें, बीबीएल के हर मैच में ढा रहे कहर


नईदिल्ली । इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (आईपीएल 2025) के लिए जब मेगा ऑक्शन का आयोजन हुआ तो सभी 10 टीमों ने डेविड वॉर्नर को खारिज कर दिया. शायद सभी टीमों की ये सोच रही होगी कि 38 साल के हो चुके वॉर्नर आईपीएल के लिए फिट न हो. लेकिन वॉर्नर आईपीएल में अनसोल्ड रहने के बाद भी मायूस नहीं हैं वे पीएसएल 2025 में नजर आने वाले हैं वहीं फिलहाल बीबीएल में अपने प्रदर्शन से सभी को चकित कर रहे हैं.
आईपीएल की तरह बीबीएल भी एक बड़ी और प्रतिष्ठित लीग है. ऑस्ट्रेलिया में खेली जाने वाली इस लीग के मौजूदा सीजन में डेविड वॉर्नर सिडनी थंडर की तरफ से खेल रहे हैं. वॉर्नर के प्रदर्शन को देखने से ऐसा लगता ही नहीं कि वे 38 साल के हो चुके हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायर हो चुके हैं. उनके प्रदर्शन में एक युवा की भूख दिखती है. मौजूदा समय में लीग के वे तीसरे टॉप स्कोरर हैं. 6 मैचों की 6 पारियों में 2 अर्धशतक लगाते हुए 45.60 की औसत और 146 से उपर की स्ट्राइक रेट से 228  रन बनाए हैं.
वॉर्नर के बीबीएल में प्रदर्शन को देखते हुए आईपीएल की सभी 10 टीमें निश्चित रुप से अफसोस कर रही होंगी. वॉर्नर फिट हैं, रन बना रहे हैं और अगर वे अपनी फिटनेस बरकरार रख पाते हैं तो अगले 2-3 साल खेल सकते हैं जैसे की फाफ डू प्लेसिस खेल रहे हैं. ऐसे में वॉर्नर को न जोडऩा सभी के लिए एक नुकसानदायक फैसला साबित हो सकता है.
डेविड वॉर्नर का आईपीएल का रिकॉर्ड शानदार रहा है. वे लीग के इतिहास के चौथे सबसे सफल बल्लेबाज हैं. 2009 से 2024 के बीच 184 मैचों की 184 पारियों में 22 बार नाबाद रहते हुए 4 शतक और 62 अर्धशतक लगाते हुए 40 से उपर की औसत और 139 से उपर की स्ट्राइक रेट से उनके नाम 6565 रन दर्ज हैं.इस रिकॉर्ड के बाद भी उनका न असोल्ड रहना हैरानी वाला था.