आत्मदाह करने पहुंचे सपा मेयर प्रत्याशी गिरफ्तार
काशीपुर । 403 मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं करने के विरोध में आत्मदाह करने के लिए एमपी चौक पर पहुंचे सपा प्रत्याशी नदीम अख्तर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान नदीम व उनके समर्थकों की पुलिस के साथ धक्कामुक्की भी हुई। सपा कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। बाद में उन्हें कोतवाली से ही मुचलके पर रिहा कर दिया गया। सपा मेयर प्रत्याशी नदीम अख्तर ने 11 जनवरी को हुई पत्रकार वार्ता में कहा था कि बैलजूड़ी आंशिक को 5 अप्रैल 2018 में जारी अधिसूचना के तहत नगर निगम में शामिल किया था। लेकिन इसके तहत आने वाली ताज कॉलोनी के 403 मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया। नदीम का कहना है कि प्रशासनिक स्तर पर सभी जांच पूर्ण कर लेने पर 403 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए। ऐसे में इन मतदाताओं के मतदान से वांचित रहने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन पर मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाते हुए 15 जनवरी, बुधवार को पूर्वांह 11 बजे एमपी चौक पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। बुधवार को कोतवाल विक्रम सिंह राठौर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स ने एमपी चौक पर डेरा डाल दिया। करीब आधे घंटे की देरी से सपा प्रत्याशी वहां पहुंचे। उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़कने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उनका प्रयास विफल कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ धक्का मुक्की भी हुई। सपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने सपा प्रत्याशी नदीम को कोतवाली लाकर कुछ देर बाद मुचलके पर रिहा कर दिया।
