September 21, 2024

अमित शाह ने दून में लोकसभा चुनाव का शंखनाद किया 

देहरादून,  ( आखरीआंख समाचार )  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने देहरादून में लोकसभा चुनाव का शंखनाद किया। उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड विजय दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा केंद्र सरकार और राज्य सरकार ने फास्ट ट्रैक पर उत्तराखंड का विकास किया। उत्तराखंड मोदी जी का सबसे प्रिय राज्य है। प्रधानमंत्री ने केदारनाथ तीर्थ की कायाकल्प करने का काम किया है। केदारनाथ दुनियाभर के भारतीयों की श्रद्धा का केंद्र है। जिसकी कायाकल्प करने का काम भाजपा सरकार ने किया है। मोदी सरकार ने आलवेदर रोड बनाने के काम की शुरूआत की, जिसका 24 घंटे काम जारी है। केंद्र और राज्य सरकार ने हर वर्ग और हर गांव के लिए कुछ न कुछ करने का प्रयास एक साल के अंदर किया है।
अमित शाह हेलीकॉप्टर से देहरादून पहुंचे। जहां से वह त्रिशक्ति सम्मेलन पहुंचे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अमित शाह को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया और शॉल ओढ़ाया। जिसके बाद अमित शाह ने अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं। बाकी पार्टीयां अपने नेताओं के आधार पर चुनाव जीतती हैं, लेकिन भाजपा अपने बूथ पर तैनान कार्यकर्ताओं की वजह से चुनाव जीतती है। त्रिवेंद्र रावत सरकार ने भ्रष्टाचार को उत्तराखंड से उखाड़ देने का कार्य किया है। अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार के बजट से देश के किसानों को राहत मिली है। किसानों को बजट में दी गई राहत पर कांग्रेस उपेक्षा कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष को भी नहीं पता कि रबी और खरीफ की फसल कौन सी होती है। क्या उन्होंने किसानों का दर्द महसूस किया है। देवभूमि के सबसे ज्यादा वीर देश की रक्षा करते हैं। पीयूष गोयल के रक्षा बजट में सेना और रक्षा प्रणालियों को फायदा होगा। हर क्षेत्र में नरेंद्र मोदी की सरकार ने पांच में बड़ा परिवर्तन किया है। इस साल तीन लाख करोड़ रुपए का रक्षा बजट देकर नया इतिहास रचा है। सोनिया और मनमोहन की सरकार ने सेना के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस ने 55 साल राज किया लेकिन सेना को वन रैंक वन पेंशन स्वीकृत नहीं की। मोदी सरकार ने एक ही साल में इसे स्वीकृत कर सेनानियों को फायदा पहुंचाया। मोदी सरकार ने सबसे बड़ा रक्षा बजट दिया है। उन्होंने कहा मीडिया को बोफोर्स का मामला दिखता है। एक लाख करोड़ का घोटाला कांग्रेसी चूहे धीरे-धीरे खा जाते हैं। नरेंद्र मोदी सरकार ने इन घोटालों को खत्म किया है। प्रधानमंत्री ने पारदर्शी सरकार देने का काम किया है। आयुष्मान योजना के तहत देश के 50 करोड़ लोगों बीमारी में पांच लाख तक का सारा खर्चा भारतीय जनता पार्टी की नरेंद्र मोदी सरकार उठाती है। तीन माह में इस योजना के तहत 10 लाख लोगों का ऑपरेशन हुआ है। त्रिवेंद्र सरकार ने उत्तराखंड के लोगों के लिए भी यह योजना लागू की है।
कहा कि अभी कुंभ चल रहा है। राममंदिर का मुद्दा उठ रहा है। उठना भी चाहिए। इस मामले में भाजपा की स्पष्ट नीति है, उसी जगह पर भव्य राम मंदिर जल्दी बनना चाहिए। किसी को दुविधा में रहने की जरूरत नहीं है। जब भी राम मंदिर बनाने को कोर्ट में केस आता है तो कांग्रेस अड़ंगा लगाती है। कहा, राहुल बाबा स्टैंड क्लियर करो। वहां राम मंदिर चाहते हो या नहीं। अमित शाह के पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सम्मेलन में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी लोकसभा क्षेत्र के बूथ इकाइयों के अध्यक्षों, बूथ पालकों और बूथ लेवल सहायक दो जुटे। वहीं अमित शाह के कार्यक्रम में काले झंडे लेकर जा रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को एस्लेहॉल चैक पर पुलिस ने गिरफ्तार किया। सम्मेलन के दौरान शाह ने करीब 30 मिनट पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया