Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 16, 2026

अल्मोड़ा पुलिस की महिला कार्मिकों ने राष्ट्रीय खेलों में जीते पदक


अल्मोड़ा ।  अल्मोड़ा पुलिस की महिला कांस्टेबलों ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के मॉडर्न पेंटाथलॉन में अपने शानदार प्रदर्शन से उत्तराखंड और पुलिस विभाग का मान बढ़ाया है। अल्मोड़ा पुलिस लाइन में तैनात महिला कांस्टेबल ममता खाती ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से तीन स्वर्ण पदक जीतकर स्वर्ण पदकों की हैट्रिक लगाई, जबकि महिला कांस्टेबल मंजू गोस्वामी ने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक अर्जित कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। ममता खाती ने माडर्न पेंटाथलॉन के लेजर रन इंडिविजुअल इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा, उन्होंने सक्षम सिंह के साथ मिलकर मिक्स्ड रिले टीम इवेंट में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। ममता खाती, मोनिका और मंजू गोस्वामी की तिकड़ी ने लेजर रन टीम इवेंट में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं, मंजू गोस्वामी ने लेजर रन के इंडिविजुअल इवेंट में कांस्य पदक जीतकर अपनी क्षमता का प्रमाण दिया। उत्तराखंड पुलिस और देवभूमि उत्तराखंड को इन दोनों महिला कांस्टेबलों की उपलब्धियों पर गर्व जताया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेंद्र पींचा ने ममता खाती और मंजू गोस्वामी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि उनके इस प्रदर्शन ने न केवल उत्तराखंड पुलिस बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।

You may have missed

Advertisement