Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 27, 2026

पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया कर सकती है बड़ा बदलाव, प्लेइंग इलेवन में वरुण चक्रवर्ती की एंट्री से बढ़ेगी पड़ोसियों की मुश्किल


नईदिल्ली । भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अपने सफर का आगाज जीत के साथ किया. 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ हुए मैच में भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज की. टीम इंडिया का अगला अहम मैच 23 फरवरी को पाकिस्तान के साथ दुबई में होना है. इस मैच के लिए कप्तान रोहित शर्मा और कोच गंभीर एक बड़ा बदलाव कर सकते हैं. ये फैसला पाकिस्तान की मुश्किल को बढ़ा सकता है.
पाकिस्तान के खिलाफ मैच भारत के लिए बेहद अहम है. इस मैच में जीत के साथ टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंच सकती है. इसलिए मैच जीतने के लिए कप्तान रोहित और कोच गंभीर एक बड़ा फैसला कर सकते हैं और प्लेइंग इलेवन में वरुण चक्रवर्ती की एंंट्री हो सकती है. वरुण ने टी 20 में बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर वनडे में जगह बनाई है.
जिस तरह का खेल उन्होंने टी 20 में दिखाया है अगर पाकिस्तान के खिलाफ उसे दोहराने में कामयाब रहे तो पाकिस्तान की मुश्किल बढऩी तय हैं. पाकिस्तानी बल्लेबाजों को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में स्पिनर्स के खिलाफ संघर्ष करते देखा गया था. इस वजह से भी वरुण की प्लेइंग इलेवन में एंट्री की संभावना बढ़ गई है. सुनील गावस्कर ने भी वरुण को मौका देने की मांग की है.
वरुण अबतक सिर्फ 1 वनडे मैच खेल सके हैं जिसमें 1 विकेट उन्होंने लिया है लेकिन 18 टी 20 मैचों में उनके नाम 33 विकेट हैं. इस दौरान 2 बार वे 5 विकेट ले चुके हैं. पाकिस्तान के खिलाफ अगर उन्हें मौका मिलता है तो टीम इंडिया मैनेजमेंट और फैंस ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद उनसे करेंगे.
वरुण चक्रवर्ती को टीम इंडिया प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने की स्थिति में कुलदीप यादव को बाहर बैठना पड़ सकता है. कुलदीप ने इंजरी के बाद इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी की थी लेकिन साधारण रहे थे. बांग्लादेश के खिलाफ वे किफायती रहे थे और 10 ओवर में सिर्फ 43  रन दिए थे लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिला था. ऐसे में उन्हें बाहर होना पड़ सकता है.

Advertisement