April 7, 2025

क्या च्यूइंग गम चबाने से घट सकता है आपका वजन? जानिए यह कैसे होता है मददगार


बचपन में जब हम च्यूइंग गम खाने की जिद किया करते थे, तब मम्मी पापा यह कहकर मना कर दिया करते थे कि यह गले में चिपक जाता है।
इसी कारण ज्यादातर लोगों ने इसका सेवन बंद कर दिया था। हालांकि, इन दिनों च्यूइंग गम चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि लोग इसके फायदों को पहचानने लगे हैं।
दरअसल, कहा जा रहा है कि च्यूइंग गम चबाने से वजन घटाने में मदद मिल सकती है। आइए जानते हैं कैसे।
भूख को कम करता है
च्युइंग गम के मुख्य लाभों में से एक यह है कि इसके जरिए भूख को कम किया जा सकता है। जब आप च्युइंग गम चबाते हैं तो आपके दिमाग को लगता है कि आप कुछ खा रहे हैं।
इस अनुभूति के जरिए भूख की भावना को नियंत्रित करने में मदद मिलती है।
जो लोग खान-पान के बाद या पहले च्युइंग गम चबाते हैं, उन्हें बार-बार भोजन करने की जरूरत महसूस नहीं होती, जिससे वजन कम करने में सहायता मिलती है।
जंक फूड की लालसा को नियंत्रित करता है
मीठे और जंक फूड आदि की लालसा होना आम बात है, लेकिन यह वजन घटाने के प्रयासों के बीच बाधा बन सकती है। इसे रोकने के लिए आप च्युइंग गम चबा सकते हैं।
अध्ययन के अनुसार, भोजन से पहले और बाद में च्युइंग गम चबाने से अस्वास्थ्यकर स्नैक्स खाने की लालसा कम हो जाती है।
वसा, चीनी, तेल-मसालों और अतिरिक्त कैलोरी से लैस भोजन के बजाय इसे चबाना बेहतर हो सकता है।
दैनिक कैलोरी सेवन को घटाता है
च्युइंग गम खाने से वजन कम करने में इसीलिए भी मदद मिलती है, क्योंकि यह दैनिक कैलोरी की मात्रा को भी कम करता है।
अगर आपको हल्की भूख महसूस हो तो

स्नैक्स आदि की जगह पर च्युइंग गम चबाएं। इससे आपकी दैनिक कैलोरी की संख्या में इजाफा भी नहीं होगा और आपकी तृप्ति की भावना भी बढ़ जाएगी।
इससे सीधे तौर पर तो वजन नहीं घटेगा, लेकिन यह थोड़ी कैलोरी जलाने में मदद करेगा।
क्या च्यूइंग गम चबाने से आपका चेहरा पतला हो सकता है?
काफी लोग मानते हैं की रोजाना च्यूइंग गम चबाने से चेहरे को पतला किया जा सकता है। हालांकि, यह असल में सच नहीं होता है।

च्युइंग गम चबाने के लिए लगातार मुंह चलाना पड़ता है, इसलिए यह चेहरे और जबड़े की मांसपेशियों को सक्रिय कर सकता है।
इससे मुख्य रूप से मांसपेशियों की एक्सरसाइज होती है, जिससे उस विशिष्ट अंग की मांसपेशियां टोन होती हैं। हालांकि, इससे चेहरे की चर्बी को कम नहीं किया जा सकता है।
जान लीजिए च्युइंग गम खाने के दुष्प्रभाव
कभी-कभी च्यूइंग गम चबाना ठीक है, लेकिन इसे रोजाना की डाइट का हिस्सा नहीं बनाना चाहिए। इसमें किसी प्रकार का पोषण नहीं होता ओर यह शक्कर से भरपूर होता है।
रोजाना च्यूइंग गम चबाने से दांत सड़ सकते हैं और उनका इनेमल खराब हो सकता है। इसके अलावा, कुछ लोगों को इसे चबाने के कारण जबड़े के दर्द से भी जूझना पड़ सकता है।
साथ ही, च्यूइंग गम ब्लड शुगर को बढ़ा सकता है और पाचन को बिगाड़ सकता है।