Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

ऑपरेशन प्रहार: बैजनाथ पुलिस का बड़ा एक्शन, शराब के नशे में बाइक चलाने वाला चालक गिरफ्तार, वाहन सीज

48 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 27 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन; बिना सत्यापन रह रहे 12 लोगों के खिलाफ भी चला पुलिस का डंडा

गरुड़ (बागेश्वर)। जनपद बागेश्वर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बैजनाथ पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शराब के नशे में बाइक चलाने वाले एक चालक को पकड़ा। पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए बाइक सीज कर दी।

पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 13 अक्टूबर 2026 को जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 48 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसी क्रम में कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने वाहन संख्या UK02B-0159 को शराब के नशे में चलाते हुए कृष्णा सिंह भंडारी (28 वर्ष), पुत्र दान सिंह भंडारी, निवासी बैजनाथ को पकड़ा। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।

होटल-ढाबों में चेकिंग, बाहरी व्यक्तियों पर भी नजर

यातायात नियमों के साथ-साथ पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए देर शाम ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत होटल और ढाबों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बाहरी क्षेत्रों से आए 27 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। पुलिस ऐसे व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच कर रही है, जो अपनी पहचान छिपाकर या बिना सत्यापन के रह रहे हैं।

वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने और बिना पुलिस सत्यापन के रहने वाले 12 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस की दोटूक चेतावनी, नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई

बागेश्वर पुलिस ने आम जनता से सार्वजनिक स्थानों पर शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं कोई व्यक्ति हुड़दंग करता है या अशांति फैलाता है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।

पुलिस के इन अभियानों से साफ है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वालों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। जनपद में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग और सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

You may have missed

Advertisement