Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 27, 2026

गणेश गोदियाल की महेंद्र भट्ट को चुनौती, कार्रवाई करके दिखाएं, अपनी घर कुड़ी बेचने को तैयार हूँ


देहरादून ।   कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के बड़े बोल, भाजपा के लिए सिरदर्द बन गए हैं। बचाव में उतरे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान पर अब पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उन्हें खुली चुनौती दे डाली है। गोदियाल ने कहा महेंद्र भट्ट मंत्री इस प्रकरण में विरोध कर रहे लोगों पर कार्रवाई की बात कर रहे हैं, लेकिन वह चुनौती देते हैं, कि सबसे पहले उन पर (गोदियाल) कार्रवाई करके दिखाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा माफी मांगने के बजाए लोगों को धमकाने का काम कर रही है। लोगों को डराने का काम कर रहे हैं। महेंद्र भट्ट इस प्रकरण में कार्रवाई करके दिखाएं, वह अपनी घर-कुड़ी बेचकर भी ऐसे लोगों के साथ खड़े रहेंगे। पहले भाजपा बड़े लोगों को धमकाती थी, अब आम लोगों को भी धमकाने लगी है। कहा कि उन्होंने पहाड़ का पानी पिया है, वह इसकी अस्मिता के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे।
बता दें कि भट्ट ने कहा था कि वर्तमान प्रकरण में कुछ लोग समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। सोशल मीडिया में टिप्पणीयां पोस्ट की जा रही हैं। विशेषकर राजनीतिक व्यक्तियों के बयान सामने आ रहे हैं, जो कि बेहद गैरजिम्मेदाराना हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई होनी चाहिए। वे इस बारे में मुख्यमंत्री से कहेंगे कि ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाए।
गोदियाल ने कहा कि उन्होंने इस प्रकरण में पहले ही दिन एक वीडियो जारी कर प्रेमचंद को बाहर निकलने का रास्ता भी बता दिया था। उन्हें यह कहकर माफी मांग लेनी चाहिए थी कि मेरे मुंह से गलती से अपशब्द निकल गए और मैं इसके लिए सभी से माफी मांगता हूं। यह प्रकरण उसी दिन खत्म हो जाता।

Advertisement