June 19, 2026

रिसॉर्ट का गार्ड 1.47 लाख की चरस के साथ गिरफ्तार


अल्मोड़ा ।   जनपद में नशे के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में लमगड़ा पुलिस ने मंगलवार रात 738 ग्राम चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। मामला लमगड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां शहरफाटक तिराहे पर पुलिस चेकिंग के दौरान हेमंत कुमार नामक युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से 738 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। आरोपी मुक्तेश्वर का रहने वाला है और वहां एक रिसॉर्ट में गार्ड की नौकरी करता है। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह चरस घर पर तैयार कर अल्मोड़ा में ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लमगड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद चरस की कीमत करीब 1.47 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। यहाँ पुलिस टीम में लमगड़ा थाना प्रभारी राहुल राठी के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही, जिसमें उप-निरीक्षक धर्मेंद्र यादव, कांस्टेबल दीवान सिंह बोरा, केशव भौंत और विनोद कुमार शामिल रहे।

You may have missed