Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 12, 2026

राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन 14-15 नवंबर को अल्मोड़ा में, भाषा-संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन पर जुटेंगे देशभर के साहित्यकार

कुमाउनी, गढ़वाली और जौनसारी बोलियों को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की उठेगी आवाज, बागेश्वर के अनेक साहित्यकार भी करेंगे प्रतिभाग

बागेश्वर। उत्तराखंड की लोकभाषा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पहचान को संरक्षित एवं संवर्धित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन का आयोजन आगामी 14 एवं 15 नवंबर 2026 को अल्मोड़ा के शिखर होटल सभागार में किया जाएगा। सम्मेलन में देश-विदेश के साहित्यकार, लेखक, बुद्धिजीवी, संस्कृतिकर्मी, कवि और नवोदित रचनाकार प्रतिभाग कर अपनी भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण को लेकर विचार साझा करेंगे।

राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा प्रचार-प्रसार समिति के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में उत्तराखंड की लोकभाषाओं कुमाउनी, गढ़वाली, जौनसारी सहित अन्य क्षेत्रीय बोलियों के संरक्षण, संवर्धन और व्यापक प्रचार-प्रसार पर गंभीर मंथन किया जाएगा। साथ ही इन भाषाओं को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने तथा विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में विधिवत पठन-पाठन की व्यवस्था लागू करने की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

सम्मेलन में लोकभाषाओं के सामरिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व पर भी वक्ता अपने विचार रखेंगे। दो दिवसीय आयोजन के दौरान विचार-विमर्श, साहित्यिक परिचर्चा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही कवि सम्मेलन एवं कविता पाठ के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की विविध रंगत देखने को मिलेगी।

इस महत्वपूर्ण आयोजन में बागेश्वर जनपद से भी बड़ी संख्या में साहित्यकार एवं भाषा प्रेमी प्रतिभाग करेंगे। इनमें डॉ. केएस रावत, डॉ. हेमचंद्र दुबे, डॉ. राजीव जोशी, डॉ. पिंकी पांडे, डॉ. नेहा भाकुनी, किशन सिंह मलड़ा, मोहन जोशी, रमेश प्रकाश पर्वतीय, भुवन कैड़ा, चरण सिंह बघरी, केशवानंद जोशी, रमेश चंद्र, शौलेन्द्र सिंह चौहान, किशन राम, लक्ष्मण नेगी एवं अर्जुन गड़िया सहित अन्य नाम शामिल हैं।

लोकभाषा का संरक्षण हमारी सांस्कृतिक पहचान का संरक्षण है। इसी भावना के साथ सम्मेलन के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा से जोड़ने, लोकसाहित्य को सहेजने और उत्तराखंड की भाषाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा प्रचार-प्रसार समिति के जिला संयोजक किशन सिंह मलड़ा ने प्रदेश एवं देशभर के भाषा-संस्कृति प्रेमियों, साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुंचकर अपनी गरिमामय उपस्थिति दर्ज कराने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की है।

Advertisement