आजतक परवान नहीं चढ़ सकी रंभा नदी का उद्गम स्थल
ऋषिकेश । शहर में दो दशक पहले रंभा नदी के उद्गम स्थल को संजय झील के रूप में विकसित करने की कवायद शुरू हुई थी, जोकि आजतक परवान नहीं चढ़ सकी है। इस झील के विकास से न सिर्फ ऋषिकेश में पर्यटन बढ़ता, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते थे, मगर यह झील सिर्फ मंचों में भाषणों और निरीक्षणों तक विकसित होने में सिमट कर रही गई है। कालेकीढाल के नजदीक उद्गम स्थल को विकसित करने के लिए राज्य सरकर वर्प 2022 में 80 लाख रूपये भी खर्च कर चुकी है। हालांकि, डिमांड 13 करोड़ रूपये की हुई थी, जिसके चलते बजट के अभाव में यह विकास कार्य भी बदहाल स्थिति में पहुंच चुके हैं।झील किनारे 210 मीटर के ग्रीन पाथ को झाड़ियों ने घेर लिया है। लकड़ी का पुल भी जर्जर स्थिति में नजर आ रहा है। झील के भीतर भी काई आदि तैर रही है। बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ऋषिकेश पहुंचे थे। उनके समक्ष भी एक बार फिर संजय झील के विकास का मुद्दा उठा, जिसपर उन्होंने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया था, मगर साल-दर-साल बीतने के बावजूद अभीतक संजय झील पर्यटक स्थल के रूप में विकसित नहीं हो पाई है। मालूम हो कि यह झील वन विभाग की ऋषिकेश रेंज अंतर्गत है। वहीं, ऋषिकेश में पर्यटक स्थल के रूप में सिर्फ गंगा किनारे आस्थापथ ही है। संजय झील के विकसित होने से यहां सहासिक व अन्य पर्यटन गतिविधियों को पहुंचने वाले पर्यटकों को और प्राकृतिक से घिरे स्थल के दीदार कराए जा सकते हैं।
