Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 11, 2026

हल्द्वानी में 12 कर्मियों का वेतन रोका, भीमताल में तीन की सेवा समाप्ति की संस्तुति


हल्द्वानी ।  मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अरविन्द कुमार पाण्डेय को बुधवार को हल्द्वानी और भीमताल विकासखंड कार्यालयों के औचक निरीक्षण में 15 कर्मचारी गैरहाजिर मिले। हल्द्वानी में पांच कर्मचारी अनुपस्थित थे, जबकि सात अन्य बिना अवकाश स्वीकृत कराए छुट्टी पर थे। सीडीओ ने सभी 12 कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित तिथि का वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं भीमताल में तीन की सेवा समाप्ति की संस्तुति की है। निरीक्षण के दौरान वीबी-जी राम जी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामोत्थान, विधायक-सांसद निधि, पंचायतीराज, युवा कल्याण, समाज कल्याण और लघु सिंचाई से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा भी की गई। विधायक निधि, सांसद निधि, राज्य वित्त और 15वें वित्त आयोग से मिली धनराशि का पूरा उपयोग नहीं होने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को उपलब्ध बजट का जल्द से जल्द उपयोग कर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल, खंड विकास अधिकारी बीएस बिष्ट समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
भीमताल में बीडीओ भी मिले नदारद
सीडीओ ने दूरभाष पर भीमताल के खंड विकास अधिकारी से संपर्क किया तो पता चला कि वह बिना अवकाश स्वीकृत कराए और पूर्व अनुमति के मुख्यालय छोड़कर गए हैं। इस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं, भीमताल विकासखंड कार्यालय में अनुपस्थित मिले तीन अन्य कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने की संस्तुति जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी की जिम्मेदारी संभालने वाले कार्यालयों में ही कर्मचारियों की गैरहाजिरी सामने आने से कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Advertisement