51 दिन बाद कुंभ, सप्तऋषि लिंक मार्ग पर गड्ढों का जाल, राहगीर चोटिल
हरिद्वार । कुंभ की तैयारियों के बीच उत्तरी हरिद्वार का सप्तऋषि लिंक मार्ग बदहाली का शिकार है। सड़क पर गहरे गड्ढे और पेयजल का रिसाव राहगीरों के लिए मुसीबत बना हुआ है। डीएम मयूर दीक्षित ने 15 अक्तूबर तक गड्ढे भरने के निर्देश दिए थे, लेकिन तय समयसीमा बीतने के बाद भी सड़क की हालत नहीं सुधरी। कुंभ में 51 दिन शेष हैं, इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग सड़क को चलने लायक नहीं बना पाए हैं। स्थानीय व्यापारी जनार्दन पांडे और मनोज कुमार ने बताया कि सप्तऋषि लिंक मार्ग कई महीने से क्षतिग्रस्त है। सड़क पर इतने गहरे गड्ढे हैं कि वाहन चालकों को बचकर निकलने के लिए बार-बार रास्ता बदलना पड़ता है। दिन के मुकाबले रात में खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों के साथ इस मार्ग से गुजरने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय निवासी महेश कुमार और भूपेंद्र चौहान ने बताया कि गड्ढों के कारण कई लोग चोटिल हो चुके हैं। सड़क पर लगातार पेयजल बह रहा है। पानी भरने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और हादसे का खतरा बना रहता है। पेयजल की बर्बादी के साथ सड़क भी लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है। कुंभ की तैयारियों के नाम पर करोड़ों रुपये के निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन उत्तरी हरिद्वार की बुनियादी सुविधाएं ही दुरुस्त नहीं हो पा रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हरकी पैड़ी और मुख्य बाजारों में तैयारियों के दावे किए जा रहे हैं, जबकि उत्तरी हरिद्वार के कई मार्ग बदहाली से जूझ रहे हैं। सवाल यह है कि जब जिलाधिकारी के निर्देश के बाद भी सड़क के गड्ढे नहीं भरे गए तो कुंभ से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दावों पर कैसे भरोसा किया जाए।
प्रशासन ने कार्रवाई का दिया भरोसा:
कुंभ से जुड़े सभी कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है। सड़क मरम्मत और आमजन की सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सप्तऋषि लिंक मार्ग की स्थिति की जानकारी लेकर संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। – मयूर दीक्षित, डीएम
